पटना सिटी : नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पंजीयन काउंटर पर सोमवार को उपचार कराने आये मरीजों की अत्यधिक भीड़ होने की स्थिति में अफरा-तफरी मची रही. इस दरम्यान मरीज आपस में बकझक करते रहे. दरअसल रविवार की छुट्टी के बाद जब सोमवार को ओपीडी खुला तो मरीज उपचार कराने के लिए पहुंचे. मरीजों की बढ़ी भीड़ के बीच शोरगुल व हंगामा की स्थिति बनी रही. सुबह आठ बजे से पंजीयन काउंटर के शेड के बाहर तक कतार लगी थी. काउंटर खुलने के पहले से ही यह कतार शिशु रोग विभाग तक पहुंच गया था. इसी में कोई बीच कतार में आकर शामिल होने का प्रयास करता या फिर काउंटर के पास पहुंचने की चेष्टा करता, तो खड़े लोग हंगामा मचाते.
इस बीच बूंदाबादी होने व शेड छोटा पड़ने की स्थिति में मरीजों को भी परेशानी हुई. यह स्थिति दोपहर एक बजे तक बनी रही. कर्मियों ने बताया कि सोमवार को ओपीडी में लगभग 2500 से अधिक नये व पुराने मरीज उपचार कराने आये थे.
इसमें 1950 नये 550 पुराने मरीज का उपचार हुआ. अस्पताल के अधीक्षक डॉ चंद्रशेखर व उपाधीक्षक डॉ गोपाल कृष्ण का कहना है कि की मरीजों की बढ़ती संख्या को देख कर पंजीयन काउंटर की संख्या बढ़ाने की दिशा में कार्य कराया जा रहा है.
