पटना : स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बुधवार को नौ घंटे तक विभाग की समीक्षा की. उन्होंने आधारभूत संरचना बढ़ाने और उसे मजबूत करने का निर्देश दिया.
बैठक के बाद उन्होंने बताया कि विभाग में रिक्त पदों को भरने की कवायद पूरी हो गयी है. दो माह के भीतर राज्य में खुल रहे सभी 534 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में डाॅक्टरों की बहाली हो जायेगी. पारा मेडिकल सहित अन्य खाली पदों को भी जल्द भरा जायेगा. बैठक में मंत्री ने निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों का लाभ लोगों तक पहुंचना चाहिए.
तय समय सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता के साथ सभी काम होना हो. एंबुलेंस सेवा को सुधारने का भी निर्देश मंत्री ने दिया. जिला स्तर पर आवश्यक दवाओं की शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश सभी सिविल सर्जनों को दिया गया.
बिहार मेडिकल आधारभूत संरचना निगम के प्रबंध निदेशक संजय कुमार ने दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अगले महीने तक सभी दवाएं उपलब्ध होंगी.
मरीजों को 102 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने के लिए उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला स्वास्थ्य समिति बेगूसराय तथा समस्तीपुर को मंत्री ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किया. राज्य स्वास्थ्य समिति में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार, स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक लोकेश कुमार सिंह, समिति के प्रशासी पदाधिकारी खालिद अरशद मौजूद थे.
