डिनर पर मिले शाह-नीतीश, हुई सियासी चर्चा, नीतीश के चेहरे पर दिखी मुस्कान, कहीं नहीं दिखे भाजपा के ''शत्रु''

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को दिया गया रात्रि भोज रात 10 बजकर 05 मिनट पर सम्पन्न हो गया. एनडीए के दो राष्ट्रीय अध्यक्षों के बीच डिनर डिप्लोमेसी को लेकर राजनीति जगत में एक सप्ताह से चल रही चर्चा का बाजार गरम था. दस घंटे […]

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को दिया गया रात्रि भोज रात 10 बजकर 05 मिनट पर सम्पन्न हो गया. एनडीए के दो राष्ट्रीय अध्यक्षों के बीच डिनर डिप्लोमेसी को लेकर राजनीति जगत में एक सप्ताह से चल रही चर्चा का बाजार गरम था. दस घंटे के अंदर दो दलों के प्रमुखों ने दो बार मुलाकात की. कहने को तो यह रात्रि भोज था लेकिन इसके राजनीतिक संकेत साफ थे. मसलन एनडीए के बीच गठबंधन मजबूत है.
सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों की ओर से किसी तरह की चर्चा से इंकार किया गया हालांकि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार एक अणे मार्ग के लॉन में एकांत में करीब तीस मिनट से अधिक समय तक साथ-साथ टहलते रहे. यह माना जा रहा है कि दोनों दलों के बीच आॅल इज वेल है.
भोज में शामिल भाजपा नेताओं के बॉडी लैंग्वेज से साफ दिख रहा था कि डिनर डिप्लोमेसी पूरी तरह से सफल रही. जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार द्वारा दिल्ली में जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में एनडीए के अटूट होने की घोषणा पर गुरुवार को पटना पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक अणे मार्ग पहुंचकर उस पर मुहर लगा दी. एक अणे मार्ग पर शाम सात बजे के बाद ही नजारा अन्य दिनों से बदला हुआ था.
नीतीश कुमार तैयारियों का जायजा लेते हुए अपने खास मेहमान का इंतजार कर रहे थे. रात करीब सवा आठ बजे अमित शाह, डिप्टी सीएम सुशील मोदी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय , स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, कृषि मंत्री प्रेम कुमार, भाजपा संगठन मंत्री नागेंद्र जी, पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, भूपेंद्र यादव आदि के साथ एक अणे मार्ग पहुंचे.
यहां मुख्यमंत्री के साथ जदयू के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्य सभा सदस्य आरसीपी सिंह, जल संसाधन मंत्री लल्लन सिंह, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव आदि के साथ इंतजार कर रहे थे. रात्रि भोज में शामिल हुए कृषि मंत्री प्रेम कुमार ने बताया कि आज का यह दिन बहुत ही महत्वपूर्ण था. डिनर पार्टी शानदार रही. सीट शेयरिंग का मामला आगे तय होगा. सभी चाहते हैं आने वाले चुनाव को लेकर चर्चा हुई थी. यहां से निकल कर भाजपा अध्यक्ष गवर्नर सत्यपाल मलिक से मिलने गर्वनर हाउस पहुंचे.
जलपान के बाद नीतीश के चेहरे पर थी मुस्कान
भाजपा के मिशन 400 को धार देने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को पटना पहुंचे. एयरपोर्ट से ही उनका भव्य स्वागत शुरू हो गया. भाजपाध्यक्ष एयरपोर्ट से सीधे राजकीय अतिथिशाला पहुंचे.
अतिथिशाला में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आकर उनसे मिले. दोनों नेताओं ने साथ-साथ नाश्ता किया. नाश्ते पर दोनों के बीच क्या बातचीत हुई इस पर सभी ने चुप्पी साध रखी है. श्री शाह और मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने भी साथ-साथ नाश्ता किया. अन्य नेताओं के लिए अलग से नाश्ता का इंतजाम था. मुख्यमंत्री को छोड़ने अमित शाह बाहर तक आये. राजकीय अतिथिशाला में मुख्यमंत्री करीब 10:30 बजे पहुंचे. भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव और राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय सयुख ने उनकी अगवानी की.
मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक राजकीय अतिथिशाला में रहे और श्री शाह के साथ ही जलपान किया. जलपान के बाद जब नीतीश कुमार बाहर आये तो उन्होंने मीडिया के सवालों पर चुप्पी साधे रखी, लेकिन उनके चेहरे पर मुस्कान थी. अगले साल होनेवाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है.
नाश्ते में आम, जलेबी भी
राजकीय अतिथिशाला में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित करीब तीन दर्जन अतिथियों को सुबह के जलपान में पूड़ी सब्जी, पोहा, ढोकला, ईडली, दही, आम, जलेबी सहित कई तरह की मीठाई, फलों का जूस, चाय परोसा गया. ज्ञान भवन में दोपहर में शाकाहारी भोजन की व्यवस्था की गयी थी. दोपहर के भोजन में रोटी, चावल, दाल, हरी सब्जी, सलाद, रायता, दही, साग, आलू दम, मिठाई और लिट्टी चोखा का इंतजाम था. सूप के साथ नारियल पानी की व्यवस्था भी की गयी थी.
कहीं नहीं दिखे बिहारी बाबू
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर पूरी पार्टी खड़ी दिखी. पूरा पटना नेताओं को होर्डिंग से पटा दिखा. अगर कोई नहीं दिखे तो वो थे पटना साहिब के सांसद शत्रुध्न सिन्हा. भाजपा से नाराज चल रहे बिहारी बाबू ने साफ संकेत दे दिया कि अब उनका भाजपा से उनका रिश्ता नहीं रहा.
भाजपा प्रदेश कार्यालय में ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन
अमित शाह ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में नानाजी देशमुख लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लाइब्रेरी में उपलब्ध साहित्य का अध्ययन कर ज्ञान में विस्तार करें.
बिहार का भाजपा प्रदेश कार्यालय पार्टी का 13वां ऐसा कार्यालय बन गया है जहां ई-लाइब्रेरी की सुविधा शुरू हो गयी है. ई-लाइब्रेरी के संयोजक विवेक ठाकुर ने बताया कि ई-लाइब्रेरी के माध्यम से पार्टी की सेंट्रल लाइब्रेरी में उपलब्ध 5500 पुस्तकों का अध्ययन किया जा सकेगा.
बिहार देगा लोकसभा की सभी चालीस सीटें : नित्यानंद
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को आश्वस्त किया कि बिहार लोकसभा की सभी चालीस सीटें जीत कर देगा. दोनों नेता श्री शाह की मौजूदगी में शक्ति केंद्र प्रभारियों को गुरुवार को संबोधित कर रहे थे.
प्रदेश अध्यक्ष श्री राय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार ज्ञान और लोकतंत्र की धरती है. खचाखच भरे बापू सभागार में शक्ति केंद्र प्रभारियों के तालियों की गड़गड़ाहट के बीच राय ने कहा कि बिहार चालीस की चालीस सीटें जीतकर देगा. राज्य में एनडीए मजबूत है. महागठबंधन को कोई पूछने वाला नहीं होगा.
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राज्य में डबल इंजन वाली सरकार पिछले एक साल से चल रही है. बिहार विकास की ओर अग्रसर है. पुल, सड़क के निर्माण के साथ-साथ बिहार का औद्योगिक विकास हो रहा है. राज्य में चाहे कोई गठबंधन बन जाये, जीतेगा एनडीए ही. अभी एनडीए के पास 33 सीटें हैं. चुनाव में सभी 40 सीटें जीतेंगे. स्वास्थ्यमंत्री मंगल पांडेय ने शक्ति केंद्र प्रभारियों को पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक करने को कहा. पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में सहयोग करने को कहा.
सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि फिर से भाजपा–जदयू सरकार बनने के बाद दोनों दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों की पटना में पहली मुलाकात सद्भावपूर्ण होने के बाद एकजुट एनडीए राज्य की सभी 40 सीटें जीत कर गरीबों–किसानों के लिए काम करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शानदार वापसी का मार्ग प्रशस्त करेगा.
वहीं, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री नागेंद्र जी ने शक्ति केंद्र के सम्मेलन में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गुरु पूर्णिमा ( 26 जुलाई) के मौके पर अपने- अपने क्षेत्र में मंदिर और मठ में रहने वाले साधु- संत और पुजारी को चादर और नारियल देकर सम्मानित करेगी. उन्होंने शक्ति केंद्र प्रभारियों को सांगठनिक ढांचे के निर्माण की जानकारी दी.
पटना : सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं साइबर योद्धा: शाह
पटना : अमित शाह ने विस्तारकों व सोशल साइट के कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे संगठन का विस्तार करें तथा मोदी सरकार की उपलब्धियों व कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाएं. सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि आप साइबर योद्धा हैं.
पार्टी को आप से काफी उम्मीद है. श्री शाह ने कहा कि सोशल मीडिया से जुड़े लोग मोदी सरकार की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाएं. सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं की बैठक में संयोजक अमित मालवीय और बिहार के संयोजक मनीष पांडेय भी मौजूद थे.
विस्तारकों के साथ बैठक में संगठन की मजबूती और विस्तार का टिप्स श्री शाह ने दिया. अमित शाह ने बूथ प्रबंधन को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया.राजकीय अतिथिशाला में करीब ढाई घंटे तक चली समिति की बैठक में श्री शाह ने सभी सीट पर जीत का टास्क नेताओं को दिया.
बैठक में सभी सीटों पर पिछले चुनाव में मिले वोटों से पचास फीसदी अधिक वोट हासिल करने के लक्ष्य को लेकर अभी से तैयारी शुरू कर देने को कहा. पिछले चुनाव में जिन सीटों पर हार हुई थी उन सीटों पर विशेष फोकस करने को कहा. बूथ तक मतदाता पहुंचे इस योजना को भी विस्तार देना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >