पटना सिटी : तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के पांच हलकों में 13 जुलाई को होने वाले मतदान को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण कराने के लिए सोमवार को एसडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी राजेश रौशन ने पांचों हलकों के प्रत्याशियों के साथ बैठक की.
बैठक में एसडीओ ने बताया कि मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी पर धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगा, प्रत्याशी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी प्रत्याशी मतदाता को अपनी गाड़ी से नहीं लायेंगे, बल्कि मतदाता अपनी निजी गाड़ी से या सुविधा के अनुसार आयेंगे.
साथ ही मतदाताओं के लिए भोजन व पानी की व्यवस्था प्रत्याशी नहीं करेंगे. एसडीओ ने बताया कि बैठक में प्रत्याशियों को यह भी कहा गया है कि मतदान के दिन ही मतों की गिनती का कार्य कराया जायेगा.
ऐसे में मतदान से जुड़े किसी तरह की आपत्ति हो तो मतदान के तुरंत बाद केंद्र पर तैनात प्रेक्षक व दंडाधिकारी की उपस्थिति में आपत्ति दर्ज करें, ताकि मामले का निष्पादन कराया जा सके. बैठक में प्राधिकार की ओर से नियुक्त किये गये चार पर्यवेक्षकों में तीन पर्यवेक्षक अपर समाहर्ता वजैनउद्दीन अंसारी, वीरेंद्र कुमार पासवान व अपर जिला दंडाधिकारी मोईजउद्दीन भी उपस्थित थे. इसके अलावा एएसपी बलिराम कुमार चौधरी, कार्यपालक दंडाधिकारी उमेश कुमार सिंह के साथ पांचों हलकों के प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित थे.
अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी राजेश रौशन ने बताया कि मतदान का समय सुबह सात बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक है. इसके बाद मतों की गिनती का कार्य मतदान केंद्र पर ही कराया जायेगा.
