बाढ़ : पंचायत उपचुनाव के दौरान वार्ड सदस्यों के रिक्त पदों लिए पंडारक प्रखंड में औसत 48 फीसदी मतदान हुआ ,वहीं बेलछी में 65 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. सुबह में मतदान की गति कुछ धीमी थी, लेकिन जैसे-जैसे तपिश बढ़ती गयी वैसे मतदान का औसत भी बढ़ता गया. दिन भर मतदान केंद्र पर जिला प्रशासन द्वारा कड़ी निगरानी के बीच में मतदान कराया गया.
पंडारक प्रखंड की बरूआने बथोई पंचायत के वार्ड संख्या 11 में प्रमोद महतो ने विवेक पासवान को हराया . प्रमोद महतो को 142 मत मिले, जबकि विवेक पासवान को 66 मत हासिल हुए. चकजलाल पंचायत के वार्ड संख्या सात में प्रेमा देवी ने 120 मत हासिल कर सुधांशु देवी को सात मतों से हराया. कोंदी पंचायत के वार्ड संख्या 10 के लिए शांति देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजू देवी को पराजित किया
इस उपचुनाव में शांति देवी को 312 मत, संजू देवी को 152 मत ,सविता देवी को 123 मत तथा मंजू देवी को 26 मत मिले. सभी मतों की गिनती पंडारक प्रखंड कार्यालय के मनरेगा भवन में करायी गयी. मौके पर निर्वाचन पदाधिकारी कुमारी पूजा मौजूद थीं. वहीं, बेलछी प्रखंड की कोरारी पंचायत के वार्ड नंबर दो में रिंकू देवी ने मनीला कुमारी को पराजित किया . रिंकू देवी को 137 मत मिले, वहीं मनीला देवी को 125 मत हासिल हुए. इस वार्ड सदस्य के पद लिए सात प्रत्याशी मैदान में थे. इस दौरान निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी गायत्री देवी मौजूद थीं.
मनेर/बिहटा : रविवार को बिहटा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के वार्ड सदस्य व पंच पद का उपचुनाव पुलिस प्रशासन की देखरेख में संपन्न हो गया. इस अवसर बिहटा बीडीओ समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे.
चुनाव में मूसेपुर पंचायत के वार्ड संख्या 11 से पवन सोनी व कुंजवा पंचायत के वार्ड सात से वार्ड सदस्य पद से राजन शर्मा विजयी हुए. दौलतपुर सिमरी पंचायत के वार्ड संख्या 10 से पंच पद से प्रतिमा देवी, मखदुमपुर पंचायत के वार्ड 14 से पंच पवन कुमार, वार्ड एक से पंच वासुदेव साव व वार्ड 12 से पंच मंजू देवी विजयी घोषित किये गये. वहीं, तारानगर पंचायत के वार्ड नंबर छह से पंच सोनाली देवी निर्विरोध चुनी गयीं.
िरंकू देवी बनीं वार्ड सदस्य
बाढ़. बेलछी प्रखंड की कोरारी पंचायत के वार्ड नंबर 2 के सदस्य की उम्मीदवार रिंकू देवी विजय घोषित की गयी हैं. रिंकू देवी को 137 मत मिले, वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी को 125 मत मिले. इस बूथ संख्या 43 पर करीब 65 फीसदी मतदान हुआ.
मसौढ़ी : प्रखंड के तीन वार्डों व एक पंच के लिए रविवार को उपचुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया. देर शाम प्रखंड कार्यालय में मतगणना हई. इसके बाद परिणाम घोषित कर दिया गया.
इस बाबत बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि चरमा पंचायत के वार्ड नंबर 15 से रामनाथ यादव , चपौर के वार्ड नंबर नौ से रेणु सिन्हा व बेर्रा के वार्ड नंबर सात से सावित्री देवी विजयी घोषित किये गये. इधर, भदौरा ग्रामकचहरी के पंच-15 से देवेंद्र प्रसाद विजयी घोषित किये गये. बाद में निर्वाची पदाधिकारी ने उन्हें प्रमाणपत्र सौंप दिया.
मोकामा. नौरंगा-जलालपुर पंचायत मुखिया उपचुनाव में कड़ी सुरक्षा के बीच वोट डाले गये. 11 बूथों पर 56 फीसदी वोटरों ने मत डाले.
पालीगंज में 45 % मतदान
पालीगंज. तीन पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए पंचायत उपचुनाव चुनाव संपन्न हुआ. उपचुनाव में जहां दहिया पंचायत के सरपंच पद के लिए चुनाव हुआ, वहीं खानपुरा- तारनपुर पंचायत व मौरी-पियरपुरा पंचायत में एक-एक पंच पद के लिए वोट पड़े.
शांति प्रसाद बने वार्ड सदस्य
बख्तियारपुर/ मोकामा. बख्तियारपुर प्रखंड की घोसवरी पंचायत के वार्ड संख्या 10 के लिए हुए वार्ड सदस्य के उपचुनाव शांति प्रसाद जीते. उन्हें 116 मत मिले, वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी सुधांशु कुमार को 92 मत मिले. इस पद के लिए रविवार को ही चुनाव हुआ.
चुनाव के बाद शाम में वोटों की गिनती करायी गयी.
मनेर में वार्ड 14 से कलावती देवी जीतीं
मनेर : रविवार को पंचायत उपचुनाव पुलिस प्रशासन की देखरेख में विभिन्न पंचायतों में संपन्न हो गया. इस दौरान किता चौहत्तर मध्य पंचायत के हाथीटोला के वार्ड संख्या 14 कलावती देवी वार्ड सदस्य चुनी गयीं.
कलावती को 131 व उनकी प्रतिद्वंद्वी गीता देवी को 86 मत आये. प्रखंड कार्यालय में हुई मतगणना में बीडीओ डॉ सुलेखा कुमारी, सीओ अंजू सिंह, दानापुर एडीएसओ आदि मौजूद थे. वहीं, किता चौहत्तर पूर्वी के वार्ड 12 से सुरेश राय वार्ड सदस्य, बलुआ पंचायत के वार्ड संख्या 8 से अनीता देवी वार्ड सदस्य व ग्यासपुर पंचायत के पंच पद से शकुंतला देवी निर्विरोध चुने गये.
