पटना : मुख्य सचिव दीपक कुमार ने कार्यभाल संभालने के कुछ दिन बाद ही स्थलीय निरीक्षण को प्राथमिकता देते हुए सभी आला अफसरों के लिए पत्र जारी किया था. उन्होंने बाकायदा तय कर दिया था कि सप्ताह के पांच कार्यदिवसों में कब क्या करना है.
इसमें तय किया गया था कि दो दिन प्रधान सचिव, सचिव स्तर तक के अधिकारी भ्रमण पर जायेंगे. इससे सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को त्वरित एवं प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी. लगातार मॉनीटरिंग होगी और गुणवत्ता में भी सुधार आयेगा. इसका असर दिखने लगा है. हर सप्ताह के बुधवार और गुरुवार अधिकारी भ्रमण पर निकलने लगे हैं.
प्रधान सचिव ने सभी विभागों के प्रधान सचिव, सचिव, पुलिस महानिदेशक, सभी प्रमंडलीय आयुक्त, सभी पुलिस महानिरीक्षक, सभी पुलिस उप महानिरीक्षक, सभी जिला पदाधिकारी, सभी वरीय पुलिस अधीक्षक, सभी पुलिस अधीक्षक को पिछले माह ही पत्र जारी किया था. इसमें उन्होंने कहा था कि प्रदेश में न्याय के साथ विकास एवं प्रशासन को और अधिक संवेदनशील बनाने के लिए ठोस निर्णय लिये गये हैं.
उन्होंने राज्य मुख्यालय स्तर पर प्रत्येक सोमवार, मंगलवार एवं शुक्रवार को यथासंभव पदाधिकारियों को मुख्यालय में ही रहकर कार्य करने को कहा है. शुक्रवार को आमलोगों से मिलने का समय तय किया गया है.
