मोकामा : अमरनाथ यात्रा पर गये अधिवक्ता अशोक महतो (45 वर्ष) की सोमवार को भू-स्खलन में मौत हो गयी. वे मूल रूप से मोकामा प्रखंड के डुमरा गांव के निवासी थे.
बाढ़ कोर्ट में प्रैक्टिस करने के साथ-साथ अशोक वर्षों से जदयू के सक्रिय सदस्य भी थे. उनके आकस्मिक निधन से सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर है. लोगों ने बताया कि समता पार्टी के समय से ही वे निष्ठापूर्वक संगठन से जुड़े थे.
अधिवक्ता अपने कई साथियों के साथ अमरनाथ यात्रा पर निकले थे. इस दौरान बालटाल मार्ग पर अचानक हुए भू- स्खलन में मौके पर ही उनकी जान चली गयी. अधिवक्ता की मौत की खबर बुधवार को मिलते उनके घर में कोहराम मच गया.
पत्नी ममता सिंह सुधबुध खो बैठी. बेटे शशि व बिट्टू का भी रो- रोकर हाल बेहाल था. गांव के लोग उन्हें ढ़ाढस बंधाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे. इधर डुमरा गांव के लोग भी इस घटना से मर्माहत हैं.
