पटना : धमकी अनसुनी की तो गुर्गों को भेजकर करा दी फायरिंग

तीन दिन पहले अपराधी दुकानदार से बोला था पुराने तरीके पर आ जाओ पटना : दानापुर के मैनपुरा चौक पर मौजूद ननद-भौजाई दुकान में रविवार को दिन में तीन बजे एक बाइक से आये तीन अपराधियों ने फायरिंग किया. हालांकि इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी. गोली चलाने वाले अपराधी दुकानदार को धमकी […]

तीन दिन पहले अपराधी दुकानदार से बोला था पुराने तरीके पर आ जाओ
पटना : दानापुर के मैनपुरा चौक पर मौजूद ननद-भौजाई दुकान में रविवार को दिन में तीन बजे एक बाइक से आये तीन अपराधियों ने फायरिंग किया.
हालांकि इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी. गोली चलाने वाले अपराधी दुकानदार को धमकी देते हुए फरार हो गये. इस मामले में दानापुर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. दुकानदार सोनू कुमार से मामले में पूछताछ की गयी तो मामला रंगदारी मांगने का निकला. दुकानदार सोनू का कहना है कि तीन दिन पहले कुछ लड़के उसकी दुकान पर आये थे. उनमें से एक ने फाेन लगाकर सोनू को पकड़ाते हुए कहा कि हमारे सरगना से बात करो. सोनू ने जब फोन पर हैलो बोला… तो उधर से धमकी देते हुए रंगदारी की डिमांड की गयी और उसने कहा कि पुराने तरीके पर आ जाओ नहीं तो अंजाम बुरा होगा. इसके बाद फोन कट गया. लड़के मोबाइल फोन लेकर चले गये.
दुकानदार ने इसकी जानकारी दानापुर पुलिस को दी, लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं लिया. घटना के तीन दिनों बाद रविवार को धमकी देने वाले अपराधी ने अपने गुर्गों को भेजकर अपराधी ने दहशत फैलाने के लिए दुकान पर फायरिंग करा दी. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
सीसीटीवी में कैद हुए अपराधी, बाइक की भी हुई पहचान : मैनपुरा चौक पर ननद-भौजाई के नाम से बड़ी और पुरानी दुकान है. दुकानदार सोनू यहां बैठता है. दुकान में सीसीटीवी लगा हुआ है. रविवार को घटना के बाद पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी से फुटेज लिया है. इसमें एक बाइक से तीन अपराधी आते हुए दिखते हैं. पुलिस उनकी शिनाख्त करने में जुटी हुई है. वहीं बाइक की पहचान हो गयी है. पुलिस छानबीन में जुटी हुई है.
जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है. पुलिस के मुताबिक अपराधियों ने एक गोली चलायी है. दुकानदार को डराने के लिए गोली चलायी गयी है. पुलिस की मानें तो जिस तरह से फोन पर दुकानदार की बातचीत हुई थी, उससे साफ है कि दुकानदार पहले से रंगदारी देता रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >