पथराव में एक सिपाही जख्मी
पालीगंज : खीरी मोड़ थाना क्षेत्र की मेरा पतौना पंचायत के कई गांवों में खीरी मोड़ थाने की पुलिस ने शुक्रवार की रात छापेमारी कर शराब पीने के आरोप में 11 लोगों को पकड़ा. सभी लाेगों को पुलिस थाने ले आयी. शनिवार की सुबह घटना की जानकारी जैसे ही पकड़े गये लोगों के परिजनों और ग्रामीणों को लगी वे सभी को छुड़वाने के लिए खीरी मोड़ थाने पर धीरे-धीरे जुटने लगे.जब वे काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गये, तो गिरफ्तार लोगों को छुड़ाने के लिए हंगामा करने लगे .इस दौरान लोगों ने थाने के खिलाफ जम कर नारेबाजी की.साथ ही थानाध्यक्ष को हटाने की मांग करने लगे. पुलिस ने जब लोगों को हटाने का प्रयास किया,
तो ग्रामीण और उग्र हो गये.साथ ही घटना की जानकारी अपने आसपास के लोगों को दी. जब काफी संख्या में लोग जुट गये, तो थाने का घेराव कर दोबारा हंगामा करने लगे. हंगामा बढ़ता देख खीरी मोड़ पुलिस ने सभी को हटाने का प्रयास किया, तो ग्रामीण व परिजन अपनी जिद पर अड़े रहे. इसी बीच दोनों पक्षों के बीच नोक-झोंक शुरू हो गयी. इससे थाने के पास अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी. पुलिस के लाख समझाने के बाद भी लोग हटने को तैयार नहीं थे.
प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, तो ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. अचानक हुए पथराव से पुलिसकर्मी कुछ समझ नहीं पाये. कुछ देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही. बाद में पुलिस ने लोगों को बलपूर्वक खदेड़ दिया. पथराव की घटना में खीरी मोड़ थाने के एक सिपाही जख्मी हो गया. वहीं, पुलिसिया कार्रवाई में कई ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है. बाद में पुलिस ने गिरफ्तार सभी लोगों को जेल भेज दिया. खीरी मोड़ थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए एक सिपाही को चोट लगने की बात कही है.
