ओएफएसएस के माध्यम से शुरू होगी प्रक्रिया, आवेदन की अंतिम तिथि नौ जुलाई
पटना : इंटरमीडिएट शिक्षण संस्थानों की 11वीं कक्षा में नामांकन के लिए ओएफएसएस के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शनिवार से आरंभ हो रही है.
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि नौ जुलाई है. यह जानकारी बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने दी. नामांकन के इच्छुक विद्यार्थी वेबसाइट www.ofssbihar.in पर जाकर जानकारी ध्यान से पढ़ें, ताकि गलती न हो. उन्होंने बताया है कि विद्यार्थी न्यूनतम एक संस्थान व अधिकतम 20 संस्थानों का विकल्प चुन सकते हैं. आवेदन शुल्क 300 रुपये है.
सामान्य आवेदन पत्र भरने से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी या समस्या के त्वरित निदान के लिए हेल्प सेंटर नंबर 0612-2230009 पर किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे के बीच संपर्क किया जा सकता है.
ओएफएसएस मोबाइल एप पर मिलेगी सूचना : बिहार बोर्ड की ओर से गूगल प्ले स्टोर पर ओएफएसएस नाम से एप उपलब्ध है. इसके इस्तेमाल से आवेदन से संबंधित सूचनाओं व जानकारियों को प्राप्त कर सकते हैं. इससे आवेदन फॉर्म नहीं भर सकते हैं.
वसुधा केंद्र या अपने कंप्यूटर से कर सकते हैं आवेदन : राज्य भर में 2,800 सहज वसुधा केंद्रों का चयन किया है, जहां विद्यार्थी आसानी से आवेदन कर सकते हैं. हालांकि इंटरनेट सुविधा युक्त किसी भी कंप्यूटर या साइबर कैफे के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है.
