बिहार के इस इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर सरकार ने लुटाए 1131 करोड़, अब वानखेड़े-ईडन गार्डन को देगा टक्कर

Rajgir Cricket Stadium: बिहार सरकार ने राजगीर खेल अकादमी को बड़ी सैगात दी है. कैबिनेट ने करीब 1131 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जिसके तहत राजगीर में 40,000 दर्शकों की क्षमता वाला भव्य क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया जाएगा. जिससे यह मैदान अब दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों के स्टेडियमों को सीधी टक्कर देगा.

Rajgir Cricket Stadium: बिहार कैबिनेट की बैठक में मंगलवार को कुल 41 प्रस्तावों पर मुहर लगी. इन्हीं में से एक खास फैसला खेल क्षेत्र को लेकर भी लिया गया है. जो राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात बन सकता है. राजगीर स्थित खेल अकादमी के निर्माण और विकास के लिए सरकार ने 1131 करोड़ रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत की है. इस बजट से न केवल आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, बल्कि अकादमी में अन्य जरूरी खेल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी.

72,843 वर्ग मीटर जमीन पर बनेगा स्टेडियम

करीब 72,843 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बन रहे इस स्टेडियम में लगभग 40,000 दर्शक एक साथ बैठकर मैच का आनंद ले सकेंगे. इसका डिज़ाइन ऐसा तैयार किया जा रहा है जिससे यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच भी आसानी से कराए जा सकें. इसके अलावा इस स्टेडियम को समय पर और बेहतरीन ढंग से तैयार करने के लिए सात अलग-अलग एजेंसियों की टीमें दिन-रात काम कर रही हैं.

पुणे और मोकामा की मिट्टी से बन रही पिच

यहां कुल 13 पिच बनाई जा रही हैं. इनमें से 7 पिच मोकामा की काली मिट्टी से और 6 पिच पुणे की लाल मिट्टी से तैयार हो रही हैं. मोकामा की मिट्टी में चिकनाई ज्यादा होती है, जिससे गेंद पिच पर अच्छी उछाल लेती है. वहीं, खास किस्म की घास लगाई जा रही है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतरीन खेल अनुभव मिलेगा और मैच और भी रोमांचक बनेंगे.

मुख्य पवेलियन में होगी सारी व्यवस्था

राजगीर के क्रिकेट स्टेडियम में एक पांच मंजिला पवेलियन बन रहा है. जो करीब 14295 वर्गमीटर में फैला होगा. इसमें खिलाड़ियों, अंपायरों, पत्रकारों और खास मेहमानों के लिए अलग-अलग इंतजाम होंगे. यहां जिम, स्पा, कपड़े धोने की सुविधा, फिजियोथेरेपी रूम और इलाज के लिए मेडिकल सेंटर भी तैयार किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को हर सुविधा एक ही जगह मिल सके.

मीडिया के लिए खास इन्तेजाम

इस क्रिकेट स्टेडियम में मीडिया और कमेंट्री के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं. यहां थर्ड अंपायर रूम, कैमरा के लिए प्लेटफॉर्म, टीवी और रेडियो के लिए कमेंट्री रूम तैयार किए जा रहे हैं, जिससे मैच का प्रसारण और भी बेहतर हो सके. इसके अलावा कॉरपोरेट मेहमानों के लिए लग्ज़री बॉक्स बनाए जा रहे हैं. यहां निजी बालकनी वाले कमरे (सूइट) भी होंगे, जहां से आराम से बैठकर मैच देखा जा सकेगा. छत से भी दर्शक मैच का आनंद ले सकेंगे.

शानदार होगी बैठने की व्यवस्था

इस इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दर्शकों के लिए आधुनिक और आरामदायक बैठने की व्यवस्था की जा रही है. स्टेडियम में कुल चार पवेलियन बनाए जा रहे हैं, जिनमें करीब 38,900 लोग एक साथ बैठकर मैच का आनंद ले सकेंगे. बता दे की इनमें से दो पवेलियन सामान्य दर्शकों के लिए होंगे, इसके अलावा दक्षिण दिशा में बनाया जा रहा मुख्य पवेलियन पांच मंजिला होगा. बाकी तीन पवेलियन दो मंजिला होंगे. हर पवेलियन में फूड कोर्ट, लिफ्ट, और शौचालय जैसी सुविधाएं दी जाएंगी ताकि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो.

आधुनिक होगी ड्रेनेज सिस्टम

राजगीर स्टेडियम में बारिश से मैच न रुके, इसके लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम लगाया जा रहा है. मैदान पर घास बिछाने का काम पूरा हो चुका है और ग्राउंड व पवेलियन का निर्माण अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य है.

(जयश्री आनंद की रिपोर्ट)

Also Read: घर की चौखट से सत्ता की कुर्सी तक: कैसे बनीं राबड़ी देवी बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री? पढ़िए पूरी कहानी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >