पटना : बिहार के सबसे बड़े सियासी परिवार के मुखिया राजद सुप्रीमो लालू यादव के रांची के बिरसा मुंडा जेल में सेवादारों की सेवा लेने के मामला उजागर होने के बाद बिहार में सियासी बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है. फर्जी मामला बनाकर लालू के दो सेवादारों को होटवार जेल भेजा गया था. अब इन दोनों सेवादारों को रिहा कर दिया गया है. सेवादारों की रिहाई के बाद जदयू नेता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने गुरुवार को लालू पर तंज कसते हुए कहा कि अब किससे मालिश करवाइएगा लालू जी.
नीरज कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सच साबित होने के बाद यह तय हो गया कि राजद अध्यक्ष ने जेल में भी अपने दो कार्यकर्ताओं को फर्जी मामलों में शामिल बताकर अपनी सेवा के लिए जेल भिजवाया था. नीरज ने कहा कि फर्जीवाड़ा करना आपका कृत्य रहा है. अपने कार्यकर्ताओं से फर्जीवाड़ा कर उनकी जमीन लिखवाना और फर्जी मामला दर्ज करवाकर अपने स्वार्थ के लिए जेल पहुंचाना आपके सामाजिक न्याय के लिए ढकोसला नीति को प्रदर्शित करता है.
नीरज ने कहा कि लालू की राजनीति ही यही रही है. गौरतलब हो कि फर्जी मामले में जेल में पहुंचे दो कार्यकर्ताओं मदन यादव और लक्ष्मण के मामले ने तब तूल पकड़ा, जब पुलिस ने इसकी जांच करायी और जांच की बात सत्य पायी गयी. मदन और लक्ष्मण को अब कोर्ट के आदेश के बाद रिहा कर दिया गया है. इससे पूर्व भी नीरज कुमार लगातार लालू पर हमला बोलते रहे हैं. नीरज ने पहले भी लालू को जेल जाने पर अपने पापों के प्रायश्चित करने की सलाह दी थी.
यह भी पढ़ें-
चारा घोटाला : CM लालू को खुला पत्र लिखकर मचा दिया था हड़कंप, जानें पूरी बात
