Patna News: भारतीय रेलवे अब केवल पटरियों और ट्रेनों तक सीमित नहीं रह गई है. पटना जंक्शन, दानापुर, आरा, राजगीर और बक्सर जैसे स्टेशनों की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने वाली है.
रेलवे बोर्ड ने इन स्टेशनों पर ब्रांडेड रिटेल स्टोर्स खोलने की मंजूरी दे दी है. इसके तहत अब यात्रियों को स्टेशन परिसर के भीतर ही मल्टी-ब्रांडेड कपड़ों और लाइफस्टाइल प्रोडक्ट्स के शोरूम मिलेंगे.
पटना जंक्शन पर जगह हुई चिह्नित
इस योजना की शुरुआत पटना जंक्शन से होने जा रही है, जहां हाल ही में एक विस्तृत सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है. सर्वे के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जीआरपी और पार्किंग से सटी क्रू लॉबी के पास पहली लोकेशन तय की गई है. दूसरी ओर करबिगहिया छोर स्थित प्लेटफॉर्म नंबर-10 के अंतिम हिस्से पर भी स्टोर खोलने के लिए जगह चिह्नित की गई है.
सर्वे की यह रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेज दी गई है और जैसे ही बोर्ड की अंतिम मुहर लगेगी, निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू हो जाएगा. रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इससे न केवल यात्रियों का अनुभव बेहतर होगा, बल्कि रेलवे के रेवन्यू में भी बड़ी बढ़ोतरी होगी.
रिलायंस और स्मार्ट बाजार से चल रही बात
रेलवे इस प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाने के लिए निजी क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों से हाथ मिला रहा है. ‘इंडियन रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन’ (IRSDC) के बैनर तले रिलायंस बाजार, स्मार्ट बाजार और शॉपर्स स्टॉप जैसे बड़े नामों से बातचीत का दौर जारी है.
मई 2026 से इन स्टोर्स के लिए आधिकारिक करार और आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. इसके बाद दानापुर मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी इसी मॉडल को लागू किया जाएगा.
प्रीमियम ब्रांड्स और आधुनिक सुविधाएं
रेलवे के इस नए अवतार में सिर्फ शोरूम ही नहीं, बल्कि यात्रियों की हर छोटी-बड़ी जरूरतों का ध्यान रखा गया है. सर्वेक्षण के दौरान यात्रियों ने विशेष रूप से मल्टी-ब्रांड कपड़ों के स्टोर की मांग की थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है.
आने वाले समय में पटना जंक्शन किसी हाई-स्ट्रीट मार्केट से कम नजर नहीं आएगा. यह कदम भारतीय रेल को आधुनिक बनाने और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा.
इन स्टेशनों को भी मिलेगा फायदा
पटना जंक्शन के अलावा दानापुर, राजेंद्र नगर टर्मिनल, आरा, राजगीर और बक्सर स्टेशन पर भी ऐसे स्टोर्स खोले जाएंगे. इससे पूरे क्षेत्र में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्टेशनों का स्वरूप आधुनिक होगा. रेलवे का मानना है कि इन स्टोर्स के खुलने से यात्रियों का अनुभव बेहतर होगा.
Also Read: पटना में LPG सिलेंडर के लिए जमकर हंगामा, NH किया जाम, नंबर आने पर भी नहीं हो रही डिलीवरी
