Patna News : चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज पूरा पटना बजरंगबली की भक्ति में डूबा हुआ है. खासकर जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है.
इस साल की हनुमान जयंती इसलिए भी खास है क्योंकि मंदिर प्रबंधन ने भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए देश की अत्याधुनिक तकनीकों को तैनात किया है, जिससे घंटों कतार में खड़े रहने वाले श्रद्धालुओं का अनुभव सुखद और सुरक्षित बन सके.
भक्ति का सैलाब
चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हैं. “जय श्रीराम” और “बजरंगबली की जय” के जयकारों से मंदिर का परिसर गूंज रहा है. भक्त नवैद्धम और लड्डू का भोग लगाकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं.
हनुमान जयंती के मौके पर मंदिर को खास तरीके से सजाया गया है. रंग-बिरंगे फूलों से सजे दरबार की भव्यता श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है. धार्मिक माहौल में हर कोई भक्ति में डूबा नजर आ रहा है.
हाईटेक सुरक्षा
इस बार महावीर मंदिर में भीड़ प्रबंधन के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ हाईटेक मशीनों का उपयोग किया जा रहा है. श्री महावीर मंदिर स्थान न्यास समिति के सचिव आचार्य किशोर कुणाल के अनुसार, बेंगलुरु से विशेष ‘पीपल काउंटिंग’ मशीनें मंगाई गई हैं.
यह AI आधारित तकनीक मंदिर में प्रवेश करने और निकास करने वाले हर एक श्रद्धालु का रियल टाइम डेटा प्रदान कर रही है. इससे प्रशासन को यह समझने में मदद मिल रही है कि मंदिर के किस हिस्से में दबाव बढ़ रहा है और कहां तुरंत सुरक्षा बलों को भेजने की जरूरत है.
गर्मी को 80 टन AC प्लांट से मिली मात
अप्रैल की बढ़ती तपिश और लाखों की भीड़ के बीच उमस एक बड़ी चुनौती थी. श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से बचाने के लिए मंदिर परिसर में 80 टन की विशाल क्षमता वाला नया एसी प्लांट इंस्टॉल किया गया है. मंदिर के गर्भगृह से लेकर निकास द्वार तक ठंडी हवा का प्रवाह सुनिश्चित किया गया है, ताकि कतारों में खड़े बुजुर्गों और बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो.
पूरे मंदिर को देसी-विदेशी फूलों से इस कदर सजाया गया है कि भक्त अपनी थकान भूलकर आध्यात्मिक शांति का अनुभव कर रहे हैं.
प्रसाद में ‘नवैद्धम’ की भारी मांग
मंदिर के बाहर तिरुपति की तर्ज पर बनने वाले प्रसिद्ध ‘नवैद्धम’ प्रसाद के लिए सैकड़ों काउंटर लगाए गए हैं.सुरक्षा के लिए सरकारी पुलिस बल के साथ-साथ बड़ी संख्या में निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं जो सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रहे हैं.
Also Read: CCTV फुटेज में चौंकाने वाला खुलासा, जानिए नालंदा में भगदड़ के दौरान क्या हुआ
