Bihar Cabinet: राजधानी पटना में आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को निजात दिलाने के लिए बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में नेहरू पथ के डाकबंगला चौराहा से रूकनपुरा तक चौड़ीकरण योजना को स्वीकृति दे दी गई है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक पर गाड़ियों की आवाजाही काफी सुगम हो जाएगी.
39.80 करोड़ रुपये की लागत से बदलेगी सड़क की सूरत
नयी राजधानी पथ प्रमंडल के तहत आने वाले इस रूट के चौड़ीकरण काम पर 39.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. डाकबंगला चौराहा से लेकर रूकनपुरा तक सड़क चौड़ी होने के बाद दफ्तर जाने वालों और आम वाहन चालकों का काफी समय बचेगा. इस मुख्य सड़क के चौड़ीकरण से आसपास के इलाकों में लगने वाले जाम की समस्या भी काफी हद तक दूर हो जाएगी.
दानापुर अंचल के धनौत मौजा में बनेगा नया पहुंच पथ
पटना के दानापुर अंचल स्थित धनौत मौजा में जवाहर लाल नेहरू पथ से दक्षिण की तरफ एक नया अप्रोच रोड बनाया जाएगा. इसके लिए रेल मंत्रालय की 1.5587 एकड़ जमीन को पथ निर्माण विभाग को स्थायी रूप से ट्रांसफर करने की मंजूरी दी गई है. इस जमीन का मूल्य 10.31 करोड़ रुपये तय किया गया है. इस नए पहुंच पथ के बनने से आसपास की आबादी को मुख्य सड़क से जुड़ने में काफी आसानी होगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
राज्य स्तर पर 27 प्रस्ताव पास, पटना के इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान
कैबिनेट बैठक में पूरे राज्य के लिए कुल 27 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई, जिनमें से पटना के सड़कों और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने वाले फैसले अहम रहे. इसके अलावा राज्य में डिजिटल कामकाज को बढ़ावा देने के लिए ई-कैबिनेट प्रणाली लागू करने के लिए 2.75 करोड़ रुपये के अग्रिम को भी मंजूरी दी गई. इन फैसलों से पटना समेत पूरे राज्य के प्रशासनिक और बुनियादी विकास को नई रफ्तार मिलेगी.
