मलाही पकड़ी स्टेशन पर मिलेगी पार्किंग सुविधा, निर्माण कार्य की समीक्षा में दिए गए निर्देश

Patna Metro: पटना मेट्रो अब सिर्फ सफर नहीं, सहूलियत का नया अनुभव देने की तैयारी में है. मलाही पकड़ी स्टेशन पर पार्किंग सुविधा और तय समयसीमा में परिचालन शुरू करने को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है.

Patna Metro: पटना मेट्रो प्रोजेक्ट को रफ्तार देने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव सह पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के निदेशक संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी ने निर्माण एजेंसी के साथ समीक्षा बैठक की.

बैठक में मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर के निर्माण कार्यों की प्रगति, शेष चुनौतियों और आगामी निरीक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. खास तौर पर मलाही पकड़ी स्टेशन पर यात्रियों को पार्किंग सुविधा देने की योजना पर मुहर लगी.

मलाही पकड़ी स्टेशन पर पार्किंग से यात्रियों को राहत

समीक्षा बैठक में बताया गया कि मलाही पकड़ी स्टेशन के पिछले हिस्से में विभाग की जमीन उपलब्ध है, जहां फिलहाल झोपड़पट्टी बसी हुई है. इस जमीन को खाली कराकर मेट्रो यात्रियों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी. इससे निजी वाहनों से आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और स्टेशन तक पहुंच और आसान होगी.

मलाही पकड़ी से भूतनाथ तक ट्रैक और बिजली का काम लगभग पूरा

निर्माण एजेंसी ने बताया कि मलाही पकड़ी से खेमनीचक होते हुए भूतनाथ स्टेशन के पहले तक ट्रैक और बिजली से जुड़ा कार्य पूरा कर लिया गया है. बचे हुए कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. खेमनीचक स्टेशन का निर्माण करीब 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है और मार्च या अप्रैल तक इसके पूरी तरह तैयार होने की संभावना जताई गई है.

मेट्रो संचालन से पहले होंगे अहम निरीक्षण

भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो परिचालन शुरू करने से पहले जरूरी निरीक्षण कराए जाएंगे. 11 फरवरी को चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर और 25 फरवरी को रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण प्रस्तावित है. इन दोनों एजेंसियों से मंजूरी मिलने के बाद ही मेट्रो संचालन की औपचारिक अनुमति दी जाएगी.

इससे पहले 23 जनवरी को चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर द्वारा प्रारंभिक निरीक्षण किया जा चुका है और 5 फरवरी को मलाही पकड़ी स्टेशन पर एएसएस चार्जिंग के लिए बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई थी.

टनल खुदाई में आ रही बाधाओं पर भी चर्चा

समीक्षा बैठक में टनल खुदाई कार्य की भी समीक्षा की गई. विश्वविद्यालय से गांधी मैदान के बीच खुदाई कार्य जारी है, जबकि मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर स्टेशन के बीच खुदाई रेलवे से एनओसी नहीं मिलने के कारण रुकी हुई है. निदेशक ने रेलवे से समन्वय स्थापित कर जल्द एनओसी प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं.

Also Read: EWS प्रमाण पत्र के लिए अब जमीन की रसीद अनिवार्य, नियम हुए सख्त, होगी कड़ी जांच

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >