Patna Junction: आने वाले दिनों में पटना जंक्शन का नजारा पूरी तरह बदलने वाला है. रेलवे ने पटना जंक्शन के 493 करोड़ रुपये के मेगा रिमॉडलिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है. दिसंबर 2026 तक इस परियोजना पर काम शुरू होने की संभावना है. इसका उद्देश्य स्टेशन को मॉडर्न, स्मार्ट और यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है.
पहले फेज में होगा पार्सल बिल्डिंग का निर्माण
प्रोजेक्ट के पहले फेज में नई पार्सल बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा. इस दौरान करबिगहिया स्थित न्यू पार्किंग में अस्थायी शेड बनाकर पार्सल बुकिंग की व्यवस्था की जाएगी. नई पार्सल बिल्डिंग तैयार होने के बाद जनरल और रिजर्वेशन टिकट काउंटरों को अस्थायी रूप से वहीं शिफ्ट किया जाएगा. इसके बाद पुराने टिकट हॉल और मुख्य स्टेशन भवन को फेज वाइज तोड़कर नए तरह से विकसित किया जाएगा. बताया जा रहा है कि 2028 तक पूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य है.
फुट ओवरब्रिज को किया जाएगा चौड़ा
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यात्रियों की सुविधा पर विशेष ध्यान है. मिली जानकारी के अनुसार, फुट ओवरब्रिज (एफओबी) को वर्तमान से दोगुना चौड़ा किया जाएगा. साथ ही इनमें बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए एस्केलेटर और लिफ्ट भी लगाए जाएंगे. पटना जंक्शन पर इस नई व्यवस्था से यात्रियों को पहले से और भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी.
इस तरह के पार्किंग की होगी सुविधा
इसके अलावा स्टेशन के बाहर पार्किंग व्यवस्था भी पूरी तरह बदली जाएगी. दूध मार्केट से जीपीओ के पास मीठापुर आरओबी तक मॉडर्न पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी. यहां पर कार और बाइक के लिए अलग-अलग जोन होंगे. यहां 4000 से ज्यादा गाड़ियों की पार्किंग क्षमता होगी, जिससे जाम और अव्यवस्था में काफी कमी आने की उम्मीद है. ऐसे में पटना जंक्शन का नया लुक लोगों को आकर्षित करेगा.
