Bihar Road Project: बिहार में रोड कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई जिलों में सड़क परियोजनाओं पर काम किए जा रहे हैं. ऐसे में पटना जिले में ट्रैफिक की परेशानी को कम करने के लिए नई फोरलेन सड़क बनाई जाएगी. इसे लेकर जानकारी बिहार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री कुमार शैलेंद्र ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर दी.
विभाग के मंत्री ने क्या-क्या दी जानकारी?
विभाग के मंत्री कुमार शैलेंद्र ने यह जानकारी दी कि पूर्वी पटना में लोगों को जाम से राहत मिल सकेगी. इस इलाके में फोरलेन सड़क बनाई जायेगी. मंत्री कुमार शैलेंद्र ने एक्स पर लिखा, 'पूर्वी पटना की कनेक्टिविटी होगी और मजबूत, यातायात को मिलेगी नई रफ्तार'.
आगे अपने पोस्ट में मंत्री ने यह भी लिखा, '4-लेन सड़क के निर्माण से यातायात क्षमता बढ़ेगी और आवागमन अधिक सुगम होगा. 7.80 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर 158.40 करोड़ रुपये की लागत आएगी. बेहतर कनेक्टिविटी, सुगम आवागमन और तेज विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम'.
इस इलाके में बनाई जायेगी सड़क
जानकारी के मुताबिक, बिहार सरकार की इस योजना से पटना सिटी के आसपास या फिर इस रूट से आना-जाना करने वाले लोगों को राहत मिल सकेगी. बताया जा रहा है कि फोरलेन सड़क को जेपी गंगा पथ के समानांतर बनाए जाने की योजना है. अशोक राजपथ से लेकर पटना सिटी का रूट भारी ट्रैफिक वाला रूट माना जाता है. ऐसे में नई फोरलेन सड़क बनने से लोगों को राहत मिल सकेगी.
पटना रिंग रोड का निर्माण भी जारी
पटना में ट्रैफिक जान से बचने के लिए दूसरे कई रोड प्रोजेक्ट्स पर काम किए जा रहे हैं. पटना रिंग रोड (NH- 131G) का निर्माण कार्य भी जारी है. जानकारी के मुताबिक, इसकी लंबाई 130 किलोमीटर होगी और लागत 1500 करोड़ रुपये है. निर्माण कार्य को लेकर जो अपडेट सामने आया है, उसकी माने तो, दिघवारा से रामनगर तक एनएच घोषित कर दिया है. साथ ही कन्हौली रामनगर में काम पूरा हो गया है. दिघवारा-शेरपुर गंगा पुल का निर्माण कार्य जारी है. रामनगर-कच्ची दरगाह का काम भी जारी है. जबकि शेरपुर-कन्हौली के लिए भू-अर्जन का काम भी जारी है.
