Patna Flight Ticket Prices: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों का असर अब घरेलू विमान सेवाओं पर साफ दिखाई देने लगा है. निजी एयरलाइन इंडिगो ने अपनी कई घरेलू उड़ानों के किराये में बढ़ोतरी कर दी है.
इसका सीधा असर पटना एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है. फ्लाइट टिकटों की कीमतों में औसतन 8 से 15 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है, जिससे अब प्रमुख शहरों के लिए यात्रा पहले से महंगी हो गई है.
दिल्ली-मुंबई रूट पर सबसे ज्यादा असर
पटना से देश के बड़े शहरों के लिए उड़ानों के किराये में स्पष्ट बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पहले जहां पटना से दिल्ली के लिए न्यूनतम टिकट करीब 4500 से 5000 रुपये के आसपास मिल जाता था, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 5500 से 6500 रुपये तक पहुंच गया है.
मुंबई के लिए भी यात्रियों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं. पहले इस रूट पर टिकट 6500 से 7000 रुपये के बीच मिल जाता था, लेकिन अब इसकी कीमत 7500 से 9000 रुपये तक पहुंच गई है. इसी तरह अहमदाबाद के लिए टिकट पहले करीब 6500 रुपये में मिल जाता था, जो अब 7500 से 8500 रुपये तक पहुंच गया है.
कोलकाता रूट पर भी बढ़ा किराया
पटना से कोलकाता जाने वाले यात्रियों के लिए भी टिकट महंगे हो गए हैं. पहले इस रूट पर 3500 से 4000 रुपये में टिकट मिल जाता था, लेकिन अब इसकी कीमत करीब 4500 रुपये तक पहुंच गई है. एयरलाइन कंपनियों का कहना है कि ईंधन की लागत बढ़ने के कारण किराया बढ़ाना जरूरी हो गया है.
अकासा एयर ने भी लगाया फ्यूल सरचार्ज
इंडिगो के बाद अन्य एयरलाइनों ने भी किराया बढ़ाने के संकेत दिए हैं. अकासा एयर ने 15 मार्च से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ‘फ्यूल सरचार्ज’ लागू करने की घोषणा की है. इस नए नियम के तहत यात्रियों को 199 रुपये से लेकर 1300 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है.
एयरलाइनों का कहना है कि एविएशन टरबाइन फ्यूल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे ऑपरेशन लागत बढ़ गई है. ऐसे में आने वाले दिनों में फ्लाइट टिकटों की कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है.
Also Read: बिहार में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सरकार सख्त, भ्रम, अफवाह या नफरत फैलाने पर मिलेगा नोटिस
