नवादा में फिर जंगली हाथी की दस्तक, दहशत में गांव; पहले भी दो ग्रामीणों की जान ले चुका है हाथियों का झुंड

गोविंदपुर के महाबरा गांव में जंगली हाथी के आने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। वन विभाग से सुरक्षा की मांग की गई है।

Nawada News : गोविंदपुर प्रखंड की सरकंडा पंचायत के महाबरा गांव में मंगलवार को जंगली हाथी के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गयी. गांव के आसपास हाथी को विचरण करते देख ग्रामीणों में दहशत फैल गयी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये. ग्रामीणों ने सूझबूझ और सामूहिक प्रयास से हाथी को आबादी वाले इलाके से दूर जंगल की ओर खदेड़ दिया.

गांव में हाथी पहुंचते ही जुटी भीड़

हाथी के गांव के आसपास पहुंचने की खबर मिलते ही ग्रामीण सतर्क हो गये. लोगों ने हाथी को घेरने या उसके बेहद करीब जाने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाकर उसे धीरे-धीरे जंगल की ओर जाने के लिए मजबूर किया. ग्रामीणों की सतर्कता के कारण घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है.

पहले भी जान ले चुके हैं जंगली हाथी

ग्रामीणों के अनुसार, गोविंदपुर प्रखंड के जंगल से सटे इलाकों में जंगली हाथियों की सक्रियता पहले भी बनी रही है. हाथियों के झुंड कई बार गांवों में पहुंचकर लोगों के बीच दहशत पैदा कर चुके हैं. पूर्व में हाथियों के हमले में दो लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई घरों को नुकसान पहुंचने के साथ किसानों की फसल भी बर्बाद हुई है.

खेतों में लगी फसलों को हाथियों द्वारा रौंदे जाने से ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है. ऐसे में महाबरा गांव में हाथी पहुंचने के बाद आसपास के ग्रामीणों में एक बार फिर भय का माहौल है.

वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और जंगली हाथियों को आबादी वाले इलाकों में आने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग को जंगल से सटे गांवों में विशेष निगरानी रखनी चाहिए.

शाम-रात में अकेले नहीं निकलने की अपील

ग्रामीणों ने लोगों से हाथी की मौजूदगी वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. खासकर शाम और रात में अकेले जंगल या खेत की ओर नहीं जाने तथा हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गयी है.

मंगलवार को ग्रामीणों की सतर्कता से हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया गया, लेकिन उसकी दोबारा सक्रियता ने जंगली हाथियों से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी कर दी है.

हाथी को ग्रामीण खदेड़ते | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >