मूंग के खेत से मिला युवक का शव, पत्नी हिरासत में. एफएसएल जांच के बाद खुलेगा मौत का राज

Nawada News : नवादा के दरावां गांव में मूंग के खेत से एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मौत का कारण बताएगी.

Nawada News : जिले के दरावां गांव में शनिवार को एक व्यक्ति का शव मूंग के खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान दरावां गांव निवासी संजय महतो के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी मंजू देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.

पत्नी की निशानदेही पर मिला शव

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद संजय महतो की पत्नी मंजू देवी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मूंग के खेत से संजय महतो का शव बरामद किया. इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में रखते हुए आगे की पूछताछ शुरू कर दी है.

शुक्रवार की बताई जा रही है घटना

स्थानीय लोगों के अनुसार, संजय महतो मूल रूप से सीमावर्ती आढ़ा गांव के निवासी थे और बाद में दरावां गांव में आकर बस गए थे. ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि घटना शुक्रवार की है, जबकि शव शनिवार को बरामद किया गया. शव के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया.

प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच

प्रथम दृष्टया मामले में विभिन्न आशंकाएं जताई जा रही हैं, जिनमें कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा भी शामिल है. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने से पहले किसी भी कारण की पुष्टि करना उचित नहीं होगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

अब तक नहीं मिली लिखित शिकायत

पुलिस के अनुसार, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dashrath mistri

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >