Nawada News : प्रखंड के विशुनपुर गांव में जर्जर और क्षतिग्रस्त बिजली तार नहीं बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को गोविंदपुर-फतेहपुर एसएच-103 मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने मानवता का परिचय देते हुए आपातकालीन सेवा को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस को जाने दिया.
15 दिनों से तार बदलने की कर रहे थे मांग
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 15 दिनों से वे बिजली विभाग से जले और क्षतिग्रस्त कोटेड बिजली तार को बदलने की मांग कर रहे हैं. विभाग ने कुछ हिस्सों में तार बदल दिए, लेकिन तीन बिजली पोल पर लगे जर्जर तार अब भी नहीं बदले गए हैं. इसके कारण बार-बार तार में आग लगने की घटनाएं हो रही हैं और पूरे गांव की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है.
बिजली-पानी संकट से बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. वहीं, हर घर नल-जल योजना भी ठप हो गई है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए दूसरे घरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि गांव के लोग बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं. उन्होंने विभाग से जल्द स्थायी समाधान की मांग की.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया हस्तक्षेप
सड़क जाम की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना के पीएसआई सद्दाम हुसैन और एएसआई रामबली प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया.
24 घंटे में तार बदलने के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम
बिजली विभाग की ओर से 24 घंटे के भीतर शेष तीन बिजली पोलों पर जर्जर तार बदलने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कर दिया. कनीय अभियंता भरत कुमार ने बताया कि गांव में बिजली तार बदलने का कार्य लगातार जारी है. सोमवार को भी कार्य किया गया है और शेष तीन पोलों पर भी जल्द ही नए तार लगा दिए जाएंगे, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो सकेगी.
यातायात हुआ सामान्य
ग्रामीणों द्वारा जाम समाप्त किए जाने के बाद गोविंदपुर-फतेहपुर एसएच-103 मुख्य मार्ग पर यातायात फिर से सामान्य हो गया. यात्रियों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली.
Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
