नवादा में जर्जर सड़क और नाले के पानी से परेशान ग्रामीणों ने किया रोड जाम, वाहनों की लगी लंबी कतार

पकरीबरावां में जर्जर सड़क और जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने नवादा-जमुई मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध जताया। प्रशासन से सड़क मरम्मत की मांग की गई है।

Nawada News : नवादा जिला के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के मोहनबीघा के समीप नवादा-जमुई पथ की जर्जर स्थिति और नाले की सफाई नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को मुख्य मार्ग जाम कर विरोध जताया. सड़क जाम होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. देवघर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं समेत राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

सड़क पर बह रहा नाले का पानी, जगह-जगह बने गड्ढे

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से नाले की सफाई नहीं होने के कारण उसका पानी सड़क पर ही बहता रहता है. लगातार जलजमाव के कारण नवादा-जमुई पथ की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है.

ग्रामीणों के अनुसार मोहनबीघा के समीप प्रतिदिन दो-तीन छोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं. वहीं, अब तक कई बड़ी दुर्घटनाओं में लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं. इसके बावजूद नाले की सफाई और जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर ठोस पहल नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.

सड़क जाम से देवघर जाने वाले श्रद्धालु भी फंसे

बुधवार को ग्रामीणों के सड़क जाम करने के कारण नवादा-जमुई मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी. इस मार्ग से देवघर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य राहगीरों को भी काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी.

पुलिस ने समझाया, आवेदन देने की दी सलाह

सड़क जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजन चौधरी के निर्देश पर डायल-112 की टीम और एएसआई मोहम्मद मंसूर आलम मौके पर पहुंचे. पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि सड़क जाम करना गैरकानूनी है. साथ ही नाले की सफाई और जलजमाव की समस्या को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देने की सलाह दी.

पुलिस के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क से हट गये. इसके बाद मार्ग पर आवागमन बहाल कराया जा सका.

कई बार खबर प्रकाशित होने के बाद भी नहीं हुआ समाधान

गौरतलब है कि मोहनबीघा के समीप जर्जर सड़क और नाले की समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार अखबारों के माध्यम से खबर प्रकाशित की जा चुकी है. ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार समस्या सामने आने के बावजूद जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक अपेक्षित पहल नहीं की गयी है.

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. यदि समय रहते नाले की सफाई और सड़क की मरम्मत नहीं करायी गयी तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने जिला प्रशासन से नाले की तत्काल सफाई, जलजमाव दूर कराने और जर्जर नवादा-जमुई पथ की मरम्मत कराने की मांग की है.

पकरीबरावां में सड़क जाम के बाद वाहनों की लगी लंबी कतारें. | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishwanath Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >