Nawada News : अकबरपुर बाजार स्थित पुल के समीप सब्जी का रेट पूछने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर सिर फोड़ने का मामला सामने आया है. घटना के बाद अकबरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर लिया. दोनों को सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया.
रेट पूछने के बाद दूसरी महिला से सब्जी खरीदने लगा युवक
अकबरपुर की प्रभारी थानाध्यक्ष अलका कुमारी के अनुसार, खखनुवा निवासी प्रमोद कुमार चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ सब्जी खरीदने बाजार गया था. वहां उसने एक महिला से सब्जी का रेट पूछा. कीमत अधिक लगने पर वह बगल में दूसरी महिला से सब्जी खरीदने लगा. इसी बात को लेकर रूणिता देवी और दिलचंद कुमार ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.
Also Read : नवादा: प्राइवेट अस्पताल में महिला की मौत के मामले में 10 हिरासत में, जांच के लिए बनायी जा रही टीम
किलो के बाट से सिर पर किया वार
पुलिस के अनुसार, गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोप है कि रूणिता देवी ने किलो के बाट से प्रमोद कुमार के सिर पर वार कर दिया. हमले में उसका सिर फट गया और वह जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद आरोप है कि दिलचंद कुमार ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला करने का प्रयास किया. प्रमोद के हट जाने के कारण रॉड का वार उसकी पीठ में लगा.
Also Read : नवादा: एक सप्ताह बाद गोविंदपुर की जलमीनार में लगा नया मोटर, लोगों को मिली राहत
लाठी और छाता के रॉड से भी की मारपीट
आरोप है कि इसके बाद युवक के साथ लाठी और छाता के रॉड से भी मारपीट की गई. शोर सुनकर प्रमोद के दोनों दोस्त मौके पर पहुंचे. उन्हें आता देख आरोपित वहां से भागने लगे. घायल प्रमोद को इलाज के लिए अकबरपुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर में टांके लगाकर उपचार किया.
महिला समेत विधि-विरुद्ध बालक गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, मामले में अकबरपुर थाना कांड संख्या 408/26 दर्ज किया गया है. बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रूणिता देवी, उम्र 42 वर्ष, तथा 13 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है. दोनों को सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया गया. मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
Also Read : अंतिम सोमवारी पर शिवमय हुआ नवादा, शोभिया समेत सभी मंदिरों में उमड़ी आस्था की भीड़
