वारिसलीगंज प्रखंड के मकनपुर के पास पौरा से निकली पूर्वी नहर से पुलिस ने सोमवार को 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद किया है. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मकनपुर गांव के पास पूर्वी किनारे कांस की झाड़ से शव को बाहर निकाला. अब तक शव की पहचान नहीं हो सकी है.
पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर सिर्फ नीले रंग का हाफ पैंट है, इसके अलावा कोई कपड़ा नहीं है. काफी देर तक पानी में रहने के कारण शव खराब हो रहा है.
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि यह शव आसपास के ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले किसी मजदूर का हो सकता है. ग्रामीणों ने बताया कि रविवार शाम नहर में तेज बहाव के साथ काफी पानी आया था. आशंका है कि युवक नहर किनारे गया होगा और पैर फिसलने से डूब गया होगा. नहर में शव होने की खबर फैलते ही तटबंध पर आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पहचान के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेजा जाएगा. मामले की जांच की जा रही है.
वारिसलीगंज में शनिवार को भी आहर में डूबने से एक मौत हो चुकी है. प्रखण्ड के हाजीपुर पंचायत की मय गांव स्थित पानी भरे आहार में स्नान के दौरान ग्रामीण सुबोध सिंह के छोटे पुत्र रामलला की डूबने से मौत हो गई थी.
