बंद फ्लैट का ताला तोड़ हजारों का सामान उड़ाया

न्यू एरिया में अधिवक्ता के मकान में वारदात

न्यू एरिया में अधिवक्ता के मकान में वारदात

प्रतिनिधि, नवादा कार्यालय.

जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू एरिया मुहल्ले में अज्ञात चोरों ने अधिवक्ता अवनीश कुमार के मकान में किराये पर रह रहे घोस्तावा निवासी आशीष कुमार के बंद फ्लैट का ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया. यह वारदात तब सामने आयी, जब पीड़ित आशीष कुमार एक सप्ताह की छुट्टी बिताकर अपने फ्लैट पर लौटे. जैसे ही उन्होंने दरवाजा देखा, ताले के टूटे होने से उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी. अंदर प्रवेश करते ही नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गये. चोर गैस सिलेंडर, दो बोरा चावल और आटा, मिक्सी मशीन तथा दो बैग लेकर फरार हो चुके थे. चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी मात्रा में सामान ले जाने के बावजूद न तो मकान में रह रहे अन्य लोगों को कोई आहट हुई और न ही आसपास के मुहल्ले वासियों ने किसी संदिग्ध गतिविधि को देखा. पीड़ित ने तुरंत नगर थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी. इसके आलोक में पुलिस ने कांड दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. जांच में पुलिस आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश में जुटी है. वहीं, स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि न्यू एरिया जैसे घनी आबादी वाले मुहल्ले में इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. यह चोरी न केवल पीड़ित के लिए बड़ा सदमा है, बल्कि इलाके में रह रहे अन्य लोगों के लिए भी सतर्कता का अलार्म बन गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHUTOSH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >