नवादा: परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने की तैयारी, 1250 महिला बंध्याकरण का रखा गया लक्ष्य

परिवार नियोजन के महत्व और उपलब्ध साधनों पर जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा शुरू किया है. इस दौरान 1250 महिला बंध्याकरण का लक्ष्य रखा गया है.

family planning: मिशन परिवार विकास अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा के सफल संचालन एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से स्वास्थ्य मेला एवं मीडिया ब्रीफिंग का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में परिवार नियोजन के महत्व, उपलब्ध साधनों एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया. मिशन परिवार विकास अभियान की शुरुआत सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार चौधरी ने फीता काटकर की. इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के डीआईओ, एसीएमओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ परिवार के लिए परिवार नियोजन जरूरी

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार चौधरी ने कहा कि परिवार नियोजन सुरक्षित मातृत्व, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं स्वस्थ परिवार के लिए महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि दंपतियों को उनकी आवश्यकता एवं पसंद के अनुरूप स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन साधनों की जानकारी, परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है.

परिवार नियोजन सेवाओं के लिए लक्ष्य निर्धारित

सिविल सर्जन ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों को जनसंख्या के आधार पर परिवार नियोजन सेवाओं के लक्ष्य निर्धारित किये गये हैं. अभियान के दौरान 1,250 महिला बंध्याकरण एवं प्रत्येक प्रखंड में पांच पुरुष नसबंदी का लक्ष्य रखा गया है.

इसके अतिरिक्त कॉपर टी 2,420, अंतरा इंजेक्शन 2,420, कंडोम 3,685, दैनिक गर्भनिरोधक गोली माला-एन 1,09,300, साप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली 43,720 तथा आकस्मिक गर्भनिरोधक गोली 21,860 के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

मीडिया ब्रीफिंग के दौरान उपस्थित अधिकारी व अन्य

सही और वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने की अपील

मीडिया ब्रीफिंग के दौरान सिविल सर्जन ने मीडिया प्रतिनिधियों से परिवार नियोजन से संबंधित सही, प्रमाणिक एवं वैज्ञानिक जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि इससे समुदाय में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और अधिक से अधिक पात्र दंपतियों को परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी.

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद

कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. आफताब कलीम, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. योगेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक गजेंद्र कुमार, पीएफआई के डीपीए नवीन कुमार पांडेय, डीएए राजीव कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक आदित्य कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >