बिहार में राशन व्यवस्था पर मंडराया संकट, नवादा में आपूर्ति पदाधिकारियों का आंदोलन, 26 अगस्त तक काला बिल्ला; हड़ताल की चेतावनी

बिहार आपूर्ति सेवा संघ ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया है। 26 अगस्त के बाद सामूहिक हड़ताल की चेतावनी से राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

Nawada News : बिहार आपूर्ति सेवा संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान कर दिया है. संघ के आंदोलन से आने वाले दिनों में जन वितरण प्रणाली के तहत राशन आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जतायी जा रही है. संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.

20 से 26 अगस्त तक काला बिल्ला लगाकर विरोध

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अलका कुमारी ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में 20 से 26 अगस्त तक आपूर्ति पदाधिकारी कार्य के दौरान काला बिल्ला लगाकर सांकेतिक विरोध करेंगे. इस दौरान अधिकारी अपने नियमित कार्यों का निष्पादन करते रहेंगे, लेकिन सरकार के समक्ष अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज करायेंगे.

संघ ने कहा है कि इसके बावजूद मांगों पर कोई निर्णय नहीं हुआ तो अगले चरण में सामूहिक अवकाश और इसके बाद सामूहिक हड़ताल की जा सकती है.

बढ़ते काम के बीच संसाधनों की कमी का आरोप

संघ ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि अधिकारी काम से पीछे नहीं हट रहे हैं. उनका विरोध बिना पर्याप्त संसाधनों के लगातार बढ़ते कार्यभार और अव्यावहारिक लक्ष्य के दबाव में काम कराने को लेकर है.

संघ का कहना है कि राशन कार्ड अभियान समेत कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए पर्याप्त मानव बल और जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं कराये जा रहे हैं. इससे अधिकारियों पर काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है.

कंप्यूटर, इंटरनेट और वाहन उपलब्ध कराने की मांग

बिहार आपूर्ति सेवा संघ ने पर्याप्त मानव बल उपलब्ध कराने के साथ कंप्यूटर, इंटरनेट, वाहन समेत अन्य मूलभूत संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है. इसके अलावा अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने और वेतन कटौती वापस लेने की मांग भी प्रमुखता से उठायी गयी है.

संघ ने सेवा हित से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने की भी मांग की है.

मांगें नहीं मानीं तो हड़ताल की चेतावनी

आपूर्ति सेवा संघ ने सरकार से समय रहते सभी मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की है. संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन के अगले चरण में सामूहिक अवकाश और फिर सामूहिक हड़ताल का रास्ता अपनाया जाएगा. ऐसे में आंदोलन आगे बढ़ने पर जन वितरण प्रणाली से जुड़े कामकाज पर असर पड़ने की आशंका है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishwanath Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >