Nawada News : प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गुंजन भारती की अध्यक्षता में शनिवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं (डीलरों) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में नए राशन कार्ड निर्माण अभियान को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. अधिकारियों ने डीलरों को अभियान के तहत पात्र लाभुकों तक पहुंचकर आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया.
1500 नए राशन कार्ड बनाने का रखा गया लक्ष्य
बैठक में बताया गया कि प्रखंड क्षेत्र में 1500 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए प्रत्येक गांव में अभियान चलाकर राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों को चिह्नित किया जाएगा और उन्हें आवेदन करने के लिए जागरूक किया जाएगा. आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र लाभुक राशन कार्ड से वंचित नहीं रहे, इसके लिए सभी संबंधित कर्मी सक्रिय होकर कार्य करें.
जिले में 72,450 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गुंजन भारती ने बताया कि जिले में कुल 72,450 नए राशन कार्ड निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. विभाग की ओर से तय लक्ष्य के अनुसार प्रतिदिन 2,415 नए राशन कार्ड के आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि अभियान को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास किया जा रहा है.
डीलर और कर्मी करेंगे पात्र लाभुकों से संपर्क
उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं को अधिकृत किया जाएगा. डीलर अपने-अपने क्षेत्र के पात्र लाभुकों से संपर्क कर राशन कार्ड निर्माण के लिए आवेदन प्राप्त करेंगे. इसके साथ ही पंचायत सचिव, टोला सेवक एवं विकास मित्र भी अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करेंगे.
बैठक में पीडीएस दुकानदार रहे मौजूद
बैठक में राशन कार्ड निर्माण अभियान को प्रभावी बनाने और आवेदन प्रक्रिया को सरल तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया. इस अवसर पर रामाशंकर शर्मा सहित कई पीडीएस दुकानदार मौजूद रहे. अधिकारियों ने सभी से अभियान में सहयोग कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की अपील की.
Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
