सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के साथ नवादा में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा. यह अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा. अभियान के दौरान जनभागीदारी के साथ सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इसे लेकर जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें तैयारियों की समीक्षा की गयी.
योजनाओं-उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने पर जोर
बैठक में डीएम ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रम समयबद्ध तरीके से आयोजित कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाना है. अभियान के दौरान कुल 25 सेवा गतिविधियों पर फोकस रहेगा.
17 सितंबर को प्रमुख स्थलों पर जलेगा दीया
बैठक में उप विकास आयुक्त शम्भू शरण पांडेय ने पीपीटी के माध्यम से प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी. ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को जिले के कम-से-कम 10 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन कराया जायेगा. इसमें पेंशनर, जीविका दीदी समेत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी शामिल होंगे.
स्कूल-कॉलेजों में होंगी चित्रकला प्रतियोगिताएं
‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत सरकारी और निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में ‘विकसित भारत एवं 25 वर्षों के सेवा कार्य’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी. वहीं ‘सेवा स्मरण’ के तहत संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और बदलाव की कहानी गांव-गांव तक पहुंचायी जायेगी.
आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का मिलन’
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित किया जायेगा. इसके माध्यम से निर्धारित गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जायेगा.
सोशल मीडिया पर दिखेगी ‘कहानी बदलाव की’
‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरक कहानियों के वीडियो तैयार किये जायेंगे. इन वीडियो को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया जायेगा. वहीं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत पदयात्रा, साइकिल और बाइक यात्रा में स्वयंसेवकों को जोड़ा जायेगा.
छठ घाटों की सफाई पर भी जोर
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 25 सेवा गतिविधियों में स्थानीय जरूरत के अनुसार कार्य चुने जायेंगे. इनमें स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और साइबर जागरूकता समेत अन्य गतिविधियां शामिल हैं. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम-से-कम दो ऐसे स्थल चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है, जहां कार्य पूरा होने के बाद स्पष्ट बदलाव दिखे. तालाबों और छठ घाटों की सफाई को भी प्रमुखता दी गयी है.
6 अक्टूबर को लगेगा ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर
6 अक्टूबर को ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किये जायेंगे. इन शिविरों में लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता की जांच और आवेदन की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी. डीएम ने प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया.
31 मार्च तक चलेगा सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान
बैठक में 17 सितंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने 17 सितंबर को विशेष ग्रामसभा आयोजित करने का निर्देश दिया. इसमें पुरानी परिसंपत्तियों के उन्नयन और मरम्मत के साथ नयी आधारभूत संरचनाओं से संबंधित योजनाएं पारित कराने को कहा गया है.
