Nawada News : नवादा जिले के रजौली प्रखंड की लेंगुरा पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को प्रखंड प्रशासन की ओर से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभुकों तक पहुंचाना था. शिविर में बीडीओ संजीव झा, सीओ मो. गुफरान मजहरी, बीपीआरओ हरिमोहन कुमार, एमओ अजीत कुमार, पशु चिकित्सक डॉ. रेशु कुमार समेत प्रखंड स्तर के दर्जनों अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
अधिकारियों ने स्टॉल पर बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाये गये थे. अधिकारी और कर्मी अपने-अपने काउंटर पर मौजूद रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनते रहे और आवश्यक कागजात प्राप्त किये. ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करायी गयी.
पहले के 16 आवेदनों का हुआ निष्पादन
बीडीओ संजीव झा ने बताया कि सहयोग शिविर से एक दिन पहले लेंगुरा पंचायत में कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए थे. इनमें से 16 आवेदनों का निष्पादन शिविर शुरू होने से पहले ही कर दिया गया. शेष आवेदनों पर भी कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने बताया कि मंगलवार को आयोजित शिविर के दौरान ग्रामीणों से 15 नये आवेदन प्राप्त हुए हैं. सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया है. इनका अधिकतम 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जायेगा.
दर्जनों स्टॉल से ग्रामीणों को मिली सुविधा
ग्रामीणों की सुविधा के लिए शिविर परिसर में राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, आवास समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाये गये थे. अलग-अलग काउंटर पर संबंधित विभाग के कर्मियों की मौजूदगी से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ा.
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है सरकारी योजनाओं का लाभ
बीडीओ संजीव झा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. इसी उद्देश्य से प्रखंड की सभी पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से सहयोग शिविर आयोजित किये जा रहे हैं. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं.
शिविर में बड़ी संख्या में लेंगुरा पंचायत के ग्रामीण पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनने के साथ विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी भी दी. मौके पर कई ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया गया.
