Nawada News : नवादा जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में मजार के पास शुक्रवार की सुबह कुछ धार्मिक पुस्तकों को जलाये जाने की सूचना के बाद इलाके में हलचल मच गयी. घटना की जानकारी मिलते ही नवादा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले का सत्यापन शुरू किया. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की तथा जली हुई पुस्तकों को जांच के लिए सुरक्षित किया.
जली हुई अवस्था में मिलीं धार्मिक पुस्तकें
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि 11 सितंबर को धार्मिक पुस्तकों के जलाये जाने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद गश्ती दल और स्थानीय पुलिस को तत्काल मौके पर भेजा गया. घटनास्थल पर कुछ धार्मिक पुस्तकें जली हुई अवस्था में मिलीं.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया. टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य, फिंगरप्रिंट और अन्य प्रदर्श संकलित किये हैं. पुलिस अब इन साक्ष्यों के आधार पर घटना के कारण और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
तकनीकी टीम और श्वान दस्ते ने भी की जांच
जांच को वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ाने के लिए जिला आसूचना इकाई की तकनीकी टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. इसके अलावा श्वान दस्ते की मदद से भी आसपास के इलाके की जांच करायी गयी.
वरीय पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
रजौली एसडीपीओ केतन अशोक इंगोले ने बताया कि सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद गश्ती वाहन को सत्यापन के लिए भेजा गया था. गश्ती दल ने मौके पर धार्मिक पुस्तकें जली हुई अवस्था में देखीं. इसके बाद थाना पुलिस को घटनास्थल पर बुलाया गया.
एसडीपीओ ने बताया कि एफएसएल, तकनीकी टीम और श्वान दस्ते की सहायता से मामले की जांच आगे बढ़ायी जा रही है. मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जायेगी तथा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
अफवाहों और अपुष्ट पोस्ट से बचने की अपील
नवादा पुलिस ने आम लोगों से घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने की अपील की है. पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट पोस्ट को शेयर नहीं करने को कहा है.
पुलिस ने आम लोगों से शांति और विधि-व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.
