नवादा जिले में बाल श्रम के खिलाफ श्रम विभाग ने अभियान तेज कर दिया है. श्रम अधीक्षक चंद्रशेखर सिंह के निर्देश पर रजौली प्रखंड में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर धावा दल ने विशेष अभियान चलाया. इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों और कार्यस्थलों का निरीक्षण किया गया.जांच के क्रम में दो बाल श्रमिकों को काम करते हुए पाया गया, जिन्हें तत्काल विमुक्त कराया गया.
बाल श्रमिकों से काम कराने के मामले में संबंधित नियोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि कम उम्र के बच्चों को मजदूरी या किसी अन्य कार्य में नियोजित करना कानूनन अपराध है. ऐसे मामलों में दोषी नियोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
नवादा की अन्य खबरें यहां क्लिक कर पढ़ें.
अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रजौली मिथिलेश कुमार, अकबरपुर के राम प्यारेलाल, गोविंदपुर के मनीष कुमार और सिरदला के राहुल रंजन शामिल थे. धावा दल ने प्रतिष्ठानों की जांच के साथ संचालकों को बाल श्रम से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी.
लगातार जारी रहेगा अभियान
श्रम विभाग की ओर से जिले में बाल श्रम की रोकथाम और उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि कहीं भी बाल श्रम की जानकारी मिलने पर संबंधित पदाधिकारी या श्रम विभाग को इसकी सूचना दें. विमुक्त कराये गये बच्चों को शिक्षा और पुनर्वास से जोड़ने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
