नवादा : हाईटेंशन लाइन पर गिरा पेड़, रजौली की दो पंचायतों में बिजली गुल; उमस भरी गर्मी से लोग परेशान

नवादा के रजौली में भारी बारिश के कारण एक बड़ा पेड़ 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार पर गिर गया, जिससे दो पंचायतों में बिजली गुल हो गई है. 12 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बिजली बहाल नहीं होने से उमस भरी गर्मी में लोगों का जीना दूभर हो गया है.

Rajauli Power Cut : बीते सोमवार रात हुई भारी बारिश रजौली के लिए बिजली संकट लेकर आई. डाकबंगला चौराहा के पास अनुमंडल पदाधिकारी आवासीय परिसर में लगा एक पुराना पेड़ जड़ से उखड़ कर 11 हजार वोल्ट के हाइटेंशन तार पर गिर गया.

इसके बाद से अनुमंडल कार्यालय, समेकित जांच चौकी, जिंदल प्लांट सहित पूरे हरदिया और चितरकोली पंचायत के गांवों में बिजली गुल है. घटना को 12 घंटे से अधिक समय बीत चुका है. बिजली न होने से उमस भरी गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. कई घरों की पानी की टंकी भी सूख गई हैं.

घर बचाने की मांग और स्थानीय निवासी की अपील

डाकबंगला चौराहा निवासी शंकर राजवंशी ने बताया कि तार के ठीक नीचे उनकी बहन विमला देवी का घर है. अगर बिजली विभाग सीधे तार से पेड़ हटाने की कोशिश करेगा तो पेड़ उनके घर पर गिर जाएगा और घर पूरी तरह ध्वस्त हो सकता है. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि पहले हमारे घर को सुरक्षित किया जाए, फिर पेड़ हटाया जाए.

प्रशासन और बिजली विभाग की मौके पर मौजूदगी

सूचना मिलते ही बिजली एसडीओ राहुल कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने निरीक्षण के बाद बताया कि तार पर से पेड़ हटाने का काम वन विभाग के सहयोग से किया जाएगा. जैसे ही पेड़ हटेगा, हरदिया और चितरकोली में बिजली तुरंत बहाल कर दी जाएगी. वन विभाग के रेंजर नारायण लाल सेवक ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही वनपाल आदर्श कुमार को वनकर्मियों के साथ भेज दिया गया है.

एसडीएम का आश्वासन और प्रशासनिक निर्देश

वहीं अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन ने कहा कि वन विभाग को पेड़ हटाने के आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं. उन्होंने मकान स्वामी को आश्वस्त किया कि बिना नुकसान के प्रशासनिक कार्रवाई कर पेड़ हटवाया जाएगा. जल्द ही बाधित बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी.

समस्या का समाधान और संयुक्त टीम की कार्रवाई

तार पर लटका भारी पेड़ और उसके नीचे बना घर. एक तरफ 2 पंचायतों की बिजली, दूसरी तरफ एक परिवार का आशियाना. अब वन विभाग और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ही तय करेगी कि कैसे बिना नुकसान के लाइन बहाल की जाए. तब तक हरदिया और चितरकोली के हजारों लोग गर्मी और अंधेरे में इंतजार करने को मजबूर हैं.

Also Read : गया जी : डोभी नगर पंचायत में ईओ डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि, आरोपित चालक पर स्पीडी ट्रायल की उठी मांग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kr manish dev

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >