Nawada News: नवादा जिले की रजौली थाना पुलिस ने अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने कांड संख्या 239/25 के लंबे समय से फरार नामजद अभियुक्त बीरेंद्र यादव को गंगटा गांव से गिरफ्तार कर लिया है. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
गुप्त सूचना के आधार पर गंगटा गांव में हुई छापेमारी
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गंगटा गांव में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा. घटना के संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष ने बताया कि बीते 15 मई 2025 की संध्या को गश्ती दल ने गुप्त सूचना पर कुम्हरुआ गांव के समीप नदी स्रोत से अवैध बालू से लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया था. हालांकि, उस दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा था.
80 सीएफटी अवैध बालू और बिना नंबर का ट्रैक्टर हुआ था जब्त
इस मामले में अनुसंधानकर्ता सहायक अवर निरीक्षक (ASI) संजय कुमार के नेतृत्व में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी. उस दौरान पुलिस ने मौके से बिना रजिस्ट्रेशन नंबर का एक न्यू हॉलैंड 4010 ट्रैक्टर और ट्रॉली पर लदा करीब 80 सीएफटी अवैध बालू जब्त किया था. पुलिस ने विधिवत कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
