Nawada News : बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल रजौली की ओर से बिजली बिल सुधार के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है. विद्युत कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि विद्युत आपूर्ति प्रमंडल रजौली के अंतर्गत 17 से 22 अगस्त तक विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल रजौली और हिसुआ के कार्यालयों में बिजली विपत्र सुधार के लिए विशेष शिविर लगाया जा रहा है.
पहले दिन रजौली में पांच आवेदन प्राप्त
विशेष शिविर के पहले दिन रजौली में बिजली विभाग के सहायक अभियंता राहुल कुमार के नेतृत्व में शिविर आयोजित किया गया. इस दौरान कुल पांच आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से एक आवेदन का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया.
हिसुआ में चार में से तीन आवेदनों का हुआ निष्पादन
वहीं, हिसुआ विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल में चार आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से तीन आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया. विभाग की ओर से शेष आवेदनों पर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
त्रुटिपूर्ण बिजली बिलों का होगा सुधार
विद्युत कार्यपालक अभियंता ने बताया कि विशेष शिविर में उन सभी उपभोक्ताओं के बिजली बिल से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा, जिनके बिल में किसी प्रकार की त्रुटि या गड़बड़ी है. उपभोक्ता निर्धारित अवधि के दौरान अपने नजदीकी विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल कार्यालय पहुंचकर बिल सुधार के लिए आवेदन जमा कर सकते हैं.
कार्यालयों का बार-बार चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
विद्युत कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने प्रमंडल क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिनका बिजली बिल गलत बना है या उसमें किसी प्रकार की त्रुटि है, वे रजौली अथवा हिसुआ अवर प्रमंडल कार्यालय में पहुंचकर आवेदन दें. उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से बचाना और बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है.
Also Read : नवादा के कोरमा गांव में गूंज रही श्रीराम कथा, शिव विवाह प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु
