Venomous snake: रजौली प्रखंड मुख्यालय के महादेव मोड़ स्थित एक सीमेंट ईंट फैक्ट्री में सोमवार को विषैला सांप निकलने से हड़कंप मच गया. सांप को देखकर फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी फैल गयी और सभी काम छोड़कर दूर भाग गये.
ईंटों के ढेर के पास दिखा बड़ा सांप
बताया जाता है कि मजदूर फैक्ट्री में ईंट बनाने के काम में लगे थे. इसी दौरान ईंटों के ढेर के पास एक बड़ा विषैला सांप दिखाई दिया. सांप को देखते ही मजदूरों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
फैक्ट्री संचालक ने वन विभाग को दी सूचना
फैक्ट्री संचालक ने समझदारी दिखाते हुए सांप को मारने के बजाय वन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही रेंजर नारायण लाल सेवक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू टीम गठित की.
उनके निर्देश पर वनपाल सुमित कुमार और आदर्श कुमार के नेतृत्व में वनरक्षी सुनील कुमार, कुणाल कुमार और प्रहलाद कुमार की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया.
जंगली क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ा गया
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम सांप को प्रखंड के जंगली क्षेत्र में ले गयी, जहां उसे सुरक्षित छोड़ दिया गया. वन विभाग की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की.
बरसात में आबादी क्षेत्र में पहुंचते हैं सांप
रेंजर नारायण लाल सेवक ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप अक्सर बिलों से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर उसे मारने के बजाय वन विभाग को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित बचाया जा सके.
