Nawada Liquor Smuggling in Fruit Shop: रजौली बाईपास पर फल दुकान की आड़ में शराब बेचने के आरोप में उत्पाद विभाग ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता ने शुक्रवार की रात करीब 8:30 बजे गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा. मौके से शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त की गई है.
गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग ने की छापेमारी
उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी को लेकर झारखंड सीमा से सटे जांच चौकी पर लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. अभियान का नेतृत्व जांच चौकी प्रभारी उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से रजौली बाईपास स्थित एक फल दुकानदार द्वारा शराब बेचने की सूचना मिल रही थी. सूचना की पुष्टि के बाद उत्पाद बलों के साथ औचक छापेमारी की गई.
बाइक की डिक्की से बरामद हुई 8 बोतल विदेशी शराब
छापेमारी के दौरान हीरो ग्लैमर बाइक संख्या BR-27-डब्लू-9579 की डिक्की की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान डिक्की से कुल आठ बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. जब्त शराब में 750 एमएल की चार बोतल रॉयल ग्रीन, 375 एमएल की दो बोतल रॉयल स्टैग और दो बोतल सिग्नेचर शामिल हैं. उत्पाद विभाग ने शराब और बाइक को जब्त कर लिया है.
फल बेचने की आड़ में कर रहा था शराब की बिक्री
गिरफ्तार युवक की पहचान रजौली थाना क्षेत्र के महसई मोहल्ला निवासी लक्ष्मण माली के पुत्र शिवशंकर कुमार उर्फ शंकर मालाकार के रूप में हुई है. उत्पाद विभाग के अनुसार, आरोपी फल बेचने के साथ शराब बिक्री का काम भी कर रहा था. पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि इससे पहले भी शराब बेचने के मामले में वह एक बार गिरफ्तार हो चुका है.
प्राथमिकी दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि बरामद शराब और बाइक को जब्त कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार आरोपी का शनिवार को मेडिकल जांच कराया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. उन्होंने कहा कि शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए जिले में इस तरह की छापेमारी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा.
