Nawada News : गांवों में अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर रविवार को नरौली, चौगांव और रबीयो के ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. सैकड़ों ग्रामीणों ने सुखमारन विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर बिजली कार्यालय का घेराव किया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों का आरोप है कि उपकेंद्र से जुड़े करीब एक दर्जन गांवों में भीषण गर्मी के बावजूद लगातार बिजली कटौती की जा रही है.
जेई पर फोन नहीं उठाने का आरोप, अधिकारी नहीं मिले तो धरने पर बैठे ग्रामीण
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिससे बिजली के उपकरण सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं. उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद जेई फोन तक नहीं उठाते. रविवार को जब ग्रामीण उपकेंद्र पहुंचे तो वहां जेई और एसडीओ मौजूद नहीं मिले. इसके बाद ग्रामीण वहीं धरने पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
सिंचाई प्रभावित होने से किसानों की बढ़ी चिंता
ग्रामीणों और किसानों ने बताया कि जारी फीडर से जुड़े नरौली, चौगांव, रबीयो समेत कई गांवों में कम वोल्टेज के कारण ट्यूबवेल और सबमर्सिबल पंप नहीं चल पा रहे हैं. इससे धान सहित खरीफ फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. उनका कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
तकनीकी खराबी के कारण बाधित हुई थी आपूर्ति : कार्यपालक अभियंता
इस संबंध में रजौली के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि कुछ तकनीकी गड़बड़ी के कारण संबंधित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी. उन्होंने कहा कि खराबी को जल्द दूर कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
Also Read : वारिसलीगंज के हरिओम कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में पाई सफलता, क्षेत्र का बढ़ाया मान
