Nawada News : पकरीबरावां थाना परिसर में शनिवार को आयोजित लोक संवाद गोष्ठी में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर खुलकर अपनी बात रखी. विश्वकर्मा पूजा के मेले में सुरक्षा व्यवस्था, सड़क जाम, गंदगी, नाबालिगों द्वारा इंजन रिक्शा चलाने और जमीन से जुड़े मामलों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. एसपी अभिनव धीमान ने लोगों की समस्याएं सुनकर जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
विश्वकर्मा पूजा मेले में सुरक्षा बढ़ाने की मांग
गुलनी पंचायत के मुखिया मनोज चौरसिया ने विश्वकर्मा पूजा के दौरान लगने वाले मेले में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की. उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. ऐसे में शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती जरूरी है.
जाम के मामले में निर्दोषों को राहत का भरोसा
आसो पासवान ने सड़क जाम को लेकर दर्ज प्राथमिकी में निर्दोष लोगों को राहत देने की मांग की. इस पर एसपी अभिनव धीमान ने स्पष्ट किया कि किसी निर्दोष को नहीं फंसाया जाएगा. लोकेशन समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
वारिसलीगंज मोड़ पर जाम और गंदगी का मुद्दा
पूर्व पंचायत समिति सदस्य दिनेश सिंह और धेवधा निवासी पंकज सिंह ने वारिसलीगंज मोड़ के समीप सड़क जाम और गंदगी की समस्या उठायी. उन्होंने बताया कि सड़क किनारे मछली की बिक्री होने के कारण गंदगी फैलती है और यातायात भी प्रभावित होता है. उन्होंने मछली विक्रेताओं को किसी दूसरे स्थान पर व्यवस्थित करने की मांग की.
नाबालिगों के इंजन रिक्शा चलाने पर कार्रवाई की चेतावनी
जाम की समस्या पर एसपी ने कहा कि नाबालिगों द्वारा इंजन रिक्शा चलाये जाने से भी यातायात प्रभावित होता है. उन्होंने कहा कि जांच में नाबालिगों के इंजन रिक्शा चलाने की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
जमीन से जुड़े कई मामलों का हुआ समाधान
लोक संवाद गोष्ठी के दौरान जमीन से जुड़े कई मामले भी सामने आये. इनमें से कई मामलों का मौके पर समाधान किया गया. इससे ग्रामीणों में संतोष देखा गया. अधिकारियों ने लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग और पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत रखने की बात कही.
एसपी को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
लोक संवाद कार्यक्रम से पहले थाना परिसर में एसपी अभिनव धीमान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. मौके पर एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी, अंचलाधिकारी निहारिका, पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार, थानाध्यक्ष रंजन चौधरी समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
