नवादा में मुसहर समाज का फूटा गुस्सा, अत्याचार के आरोपों पर एक दिवसीय धरना

नवादा में मुसहर और दलित समुदाय पर बढ़ते कथित अत्याचार और उत्पीड़न के विरोध में सोमवार को एक दिवसीय धरना दिया गया. समाज के लोगों ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

Nawada Musahar Community: नवादा मुसहर समाज एवं दलित समुदाय के लोगों पर कथित अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाओं के विरोध में सोमवार को नगर थाना के पास एक दिवसीय धरना दिया गया. धरना की अध्यक्षता मुसहर समाज के जिला नेता कपिल देव मांझी ने की. धरना में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और विभिन्न मामलों में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

कई घटनाओं का हवाला देकर पुलिस कार्रवाई पर उठाये सवाल

धरना को संबोधित करते हुए अशोक कुमार मांझी ने कहा कि जिले में मुसहर समाज के लोगों के साथ मारपीट और हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. उन्होंने नारदीगंज प्रखंड के नंदपुर गांव में पुलिस की पिटाई से एक व्यक्ति की मौत, झगड़ाडीह में कथित रूप से सामंत द्वारा पीट-पीटकर हत्या तथा मेसकौर प्रखंड में पत्तल फेंकने के विवाद में मारपीट के बाद हुई मौत का मामला उठाया.

उन्होंने औरैना गांव में मजदूरी मांगने गयी महिला के साथ कथित दुष्कर्म का भी उल्लेख किया. वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इन मामलों में पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गयी है.

अनुसूचित जाति थाना में प्राथमिकी दर्ज करने में आनाकानी का आरोप

कुलना पंचायत के मुखिया करसा मांझी ने कहा कि दलित समाज के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति थाना में भी कई मामलों में शिकायत के बावजूद प्राथमिकी दर्ज करने में आनाकानी की जाती है. उन्होंने समाज के लोगों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की.

बाबा दशरथ मांझी के संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान

धरना की अध्यक्षता कर रहे कपिल देव मांझी ने कहा कि अब मुसहर समाज चुप नहीं बैठेगा. समाज बाबा दशरथ मांझी के संघर्ष से प्रेरणा लेकर एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेगा. उन्होंने युवाओं से अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया.

धरना में सैकड़ों लोग रहे मौजूद

धरना में भोला मांझी, इंदल मांझी, रंजन मांझी, भरत मांझी, कांग्रेस मांझी, शैलेसर मांझी, अर्जुन चौधरी, अमर मांझी समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे. लोगों ने संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बब्लू कुूमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >