Nawada Sadar Hospital Prisoner Escape : नवादा जिले के सदर अस्पताल से शुक्रवार की शाम एक बंदी के फरार हो जाने की घटना ने पुलिस और जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कैदी वार्ड से बंदी के भागते ही पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं.
फरार बंदी की पहचान असगर मालिक (18) उर्फ दारा, पिता अल्लाउदीन मलिक, निवासी धमौल थाना क्षेत्र के रूप में हुई है. वह धमौल थाना कांड संख्या 70/26 में मारपीट के एक मामले में मंडल कारा में न्यायिक हिरासत में बंद था.
Nawada News : इलाज के दौरान दिया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार, जेल में अचानक तबीयत बिगड़ने और चक्कर आने की शिकायत के बाद पुलिस उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आई थी. कैदी वार्ड में पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा था.
शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे उसने मौके का फायदा उठाया और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी से हाथापाई कर फरार हो गया. घटना इतनी अचानक हुई कि पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
Nawada Police Negligence :अस्पताल में मची अफरा-तफरी
कैदी के भागने की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया. मरीजों और उनके परिजनों के बीच भी कुछ देर के लिए डर और भ्रम की स्थिति बन गई. मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत पूरे परिसर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन बंदी का कोई सुराग नहीं मिल सका.
शहर में नाकेबंदी, छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस, जेल प्रशासन और वरीय अधिकारी तुरंत सदर अस्पताल पहुंच गए. इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है.
पुलिस आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रही है और फरार बंदी की तलाश में जुटी हुई है.
Crime News : सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को लेकर सवाल उठने लगे हैं. कैदी वार्ड से बंदी का इस तरह फरार होना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है. अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर चूक कहां हुई.
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बंदी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इसके लिए विशेष टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी की जा रही है.
