Nawada News : बिहार सरकार की पहल के तहत प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस माह की थीम 'सुशासन युक्त पंचायत' रही, जिसके तहत पंचायतों में पारदर्शिता, जनभागीदारी और जवाबदेह प्रशासन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया.
ग्राम सभाओं में विकास योजनाओं पर हुई चर्चा
प्रभारी जिला पंचायती राज पदाधिकारी अमरनाथ कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर पंचायतों को अधिक सशक्त और उत्तरदायी बनाना है. ग्राम सभाओं में मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना और ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) पर विस्तार से चर्चा की गई. ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी साझा किए.
मुखियाओं ने रखा विकास कार्यों का प्रतिवेदन
कार्यक्रम के दौरान सभी पंचायतों के मुखियाओं ने अब तक कराए गए विकास कार्यों का विवरण ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत किया. साथ ही संचालित योजनाओं की प्रगति, आगामी कार्ययोजना और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई.
'मन की बात' का हुआ सामूहिक प्रसारण
पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले की सभी पंचायतों में प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का सामूहिक प्रसारण भी किया गया. जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम सुना तथा विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की.
