नवादा: 7 वर्षीय बच्ची का मिला शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

नवादा के पकरीबरावां थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 7 वर्षीय मासूम बच्ची का शव बरामद हुआ है। सोमवार रात से लापता बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में मातम और गुस्से का माहौल है।

Child Killed : नवादा के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब 7 वर्षीय मासूम बच्ची का शव बरामद हुआ. बच्ची सोमवार रात से लापता थी और सुबह उसका शव मिलने के बाद पूरे इलाके में मातम और गुस्से का माहौल है. प्रथम दृष्टया बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और हर एंगल से जांच जारी है.

जानकारी के अनुसार, बच्ची सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे अपने टोले से अचानक गायब हो गई थी. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने आसपास के लोगों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू कर दी. रातभर गांव, खेत, बगीचों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला.

रातभर पुलिस टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पकरीबरावां थाना पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस टीम ने भी रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया और संभावित स्थानों पर जांच की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी. मंगलवार सुबह जैसे ही एक गांव में बच्ची का शव मिलने की खबर फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए.

Nawada News : शव मिलने के बाद गांव में मातम, लोगों में गुस्सा

शव बरामद होते ही पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बच्ची अपने परिवार की सबसे छोटी संतान थी. परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है, जिसमें मृत बच्ची सबसे छोटी थी. इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है.

ग्रामीणों के मुताबिक, बच्ची बेहद मासूम और चंचल स्वभाव की थी. उसकी अचानक इस तरह मौत से गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी फैल गया है. लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे. साथ ही एफएसएल की टीम और तकनीकी विशेषज्ञों को भी जांच के लिए बुलाया गया. घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और दुष्कर्म की आशंका की पुष्टि हो पाएगी. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, संदिग्धों से पूछताछ

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही बच्ची को आखिरी बार किसने देखा और वह किन हालात में गायब हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.

पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी. एफएसएल टीम को बुलाकर जांच कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishwanath Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >