खनन विभाग की कार्रवाई: पत्थर लदा हाईवा जब्त, पुलिस को धमकी देने वाला इंट्री माफिया का गुर्गा धराया,

Nawada News : कोडरमा-रजौली मुख्य सड़क पर बीती रात करीब 12:05 बजे नाकेबंदी कर छापेमारी की गयी. धराए गये आरोपी के मोबाइल से कई राज खुले हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

रजौली (नवादा) से कुमार मनीष देव की रिपोर्ट
Nawada News : खनन विभाग द्वारा अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है. जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय के निर्देश पर खान निरीक्षक संतोष कुमार झा ने गृह रक्षकों के दल के साथ रजौली थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव के समीप, कोडरमा-रजौली मुख्य सड़क पर रविवार की रात करीब 12:05 बजे नाकेबंदी कर छापेमारी की गयी.

इसी दौरान झारखंड की तरफ से आ रहे चौदह चक्का हाईवा को रुकने का इशारा किया गया. खनन टीम को देखते ही वाहन चालक घबरा गया और गाड़ी को बीच सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. टीम ने जब वाहन संख्या-जेएच 24सी-1402 की तलाशी ली तो देखा कि वाहन पर पत्थर लदा हुआ है. इसके बाद स्थानीय चालक की मदद से गाड़ी को धर्मकांटा पर ले जाकर वजन कराया गया, जहां गाड़ी का कुल वजन 49,150 किलोग्राम पाया गया. वाहन पर क्षमता से अधिक माल लदा था और कोई वैध ई-चालान या परिवहन दस्तावेज नहीं होने के कारण वाहन को कब्जे में ले लिया गया.

हाईवा छुड़ाने के लिए दी धमकी, मौके से दबोचा गया आरोपी


जब खनन टीम जब्त हाईवा को चितरकोली समेकित जांच चौकी की तरफ ले जा रही थी, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर हरदिया गांव के पास एक युवक अचानक सड़क पर आ गया. उसने टीम का रास्ता रोकते हुए गाड़ी को जबरन छोड़ने का दबाव बनाया और बात न मानने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली. हालांकि, सुरक्षा बल के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत उस व्यक्ति को घेरकर दबोच लिया. पूछताछ में उसकी पहचान रजौली थाने के चितरकोली निवासी अर्जुन यादव के पुत्र ललन कुमार के रूप में हुई.

व्हाट्सएप चैट से खुला राज, पुलिस की लोकेशन लीक करने का खेल उजागर


गिरफ्तार ललन कुमार के पास मौजूद मोबाइल पर लगातार आ रहे फोन कॉल्स और संदेशों ने अधिकारियों का माथा ठनका दिया. जब उसके स्मार्टफोन की जांच की गई, तो उसमें बड़े पैमाने पर चल रहे एंट्री माफिया सिंडिकेट के व्हाट्सएप चैट का पर्दाफाश हुआ. चैट से पता चला कि ललन के मोबाइल पर विभिन्न नंबरों से पुलिस प्रशासन और चेकिंग टीम की पल-पल की लोकेशन पूछी जा रही थी. वह विभिन्न ग्रुपों और संपर्कों जैसे नवादा बाबू, बीएसएम, सनता मालिक 5106, और नवादा बिहार के साथ अवैध वाहनों के निबंधन नंबरों का लगातार आदान-प्रदान कर रहा था.

पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह ‘नेताजी’ (नवादा बिहार नाम से सेव नंबर), अरुण मुखिया (बाबू नाम से सेव नंबर) और अरुण मुखिया के साले मोनू (नवादा बाबू नाम से सेव नंबर) को पुलिस की गतिविधियों की सटीक लोकेशन देता था. इस सटीक लोकेशन के सहारे अवैध खनिज लदे वाहनों को रजौली बॉर्डर पार कराया जाता था, जिसके एवज में सिंडिकेट के सरगनाओं द्वारा प्रति गाड़ी 100 रुपये की राशि का भुगतान किया जाता था.

मामले में भारी जुर्माने की तैयारी

इस पूरे मामले के तार क्षेत्र के पुराने अपराधियों से जुड़े पाए गए हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस सिंडिकेट को संरक्षण देने वाले अरुण मुखिया उर्फ अरुण विश्वकर्मा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके खिलाफ पूर्व में मुफस्सिल थाने और रजौली थाने में कई गंभीर मामले दर्ज हैं. वैध परिवहन को लेकर विभाग द्वारा संबंधित वाहन के स्वामी से शमन शुल्क के रूप में 8,00,000 रुपये और खनिज के अवैध परिवहन के जुर्माने के रूप में 3,51,221 रुपये को मिलाकर कुल 11,51,221 रुपये की वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि खनन निरीक्षक द्वारा प्राप्त लिखित आवेदन के आलोक में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. गिरफ्तार ललन कुमार को रविवार को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

Also Read : द्रविड़ स्थापत्य शैली का बेजोड़ नमूना है नवादा का गोवर्धन मंदिर, उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >