Nawada solar scheme: जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर बड़ी पहल की गयी है. योजना के तहत नवादा जिले के 11 हजार उपभोक्ताओं को लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार भारती ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि योजना के तहत घरों की छत पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने वाले उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की सब्सिडी के साथ बिहार सरकार की ओर से भी अतिरिक्त अनुदान दिया जायेगा.
एक किलोवाट पर 40 हजार रुपये तक अनुदान
विभाग के अनुसार, एक किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार 30 हजार रुपये और राज्य सरकार 10 हजार रुपये देगी. इस तरह उपभोक्ताओं को कुल 40 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा. वहीं, दो किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये और बिहार सरकार की ओर से 20 हजार रुपये की सहायता दी जायेगी. इस श्रेणी में कुल 80 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा.
तीन किलोवाट या अधिक क्षमता पर 98 हजार रुपये की सहायता
तीन किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता के सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार 78 हजार रुपये और बिहार सरकार 20 हजार रुपये का अनुदान देगी. इस श्रेणी में उपभोक्ताओं को कुल 98 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकेगी. योजना के तहत कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है.
11 हजार उपभोक्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य
कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार भारती ने कहा कि नवादा के 11 हजार उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य है. लोगों को इसका लाभ उठाकर अपने घरों पर सोलर पैनल लगाना चाहिए. इससे बिजली बिल में कमी आने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने उपभोक्ताओं से योजना की जानकारी लेकर समय पर आवेदन करने की अपील की.
योजना की विस्तृत जानकारी: pmsuryaghar.gov.in पर उपलब्ध है.
