नवादा की सड़कों पर मौत का सिलसिला, जुलाई में 14 हादसों में 16 लोगों की गई जान, ट्रैफिक व्यवस्था भी संसाधनों के भरोसे

Nawada News : नवादा में सड़क हादसों का तांडव, महज एक महीने में 14 दुर्घटनाओं में 16 लोगों की मौत। यातायात पुलिस के सीमित संसाधनों और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

Nawada News : जिले की सड़कें इन दिनों सिर्फ आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि लगातार हो रहे सड़क हादसों के कारण लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई हैं. जुलाई माह में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई 14 सड़क दुर्घटनाओं में 16 लोगों की मौत हो गई. वहीं इन हादसों की रोकथाम और यातायात व्यवस्था संभालने वाली पुलिस भी संसाधनों और मानवबल की कमी से जूझ रही है. स्थिति यह है कि पूरे जिले की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी केवल एक यातायात थानाध्यक्ष, एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और दो जमादारों पर है. इन्हीं चार अधिकारियों को दुर्घटनाओं की जांच, वीआईपी ड्यूटी, जाम हटाने, यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी निभानी पड़ रही है.

सड़क सुरक्षा केवल चालान तक सीमित नहीं

विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण केवल चालान काटने से संभव नहीं है. इसके लिए बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन, पर्याप्त पुलिस बल, सुरक्षित सड़क इंजीनियरिंग, जिम्मेदार वाहन संचालन और आम लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता आवश्यक है. यातायात थाना में जुलाई माह के दौरान कांड संख्या 115/26 से 128/26 तक कुल 14 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं. इन मामलों में सात दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त किया गया है. इसकी पुष्टि यातायात थानाध्यक्ष विद्या शंकर कुमार ने की है.

नेमदारगंज में सबसे दर्दनाक हादसा

जुलाई का सबसे दर्दनाक हादसा नेमदारगंज थाना क्षेत्र के सुपौल गांव के समीप हुआ. यहां मोटरसाइकिल दुर्घटना में बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के मोगलाखार निवासी अतीक आलम और मोहम्मद कैफ की मौत हो गई. इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया.

ट्रैक्टर और अज्ञात वाहनों से गई कई लोगों की जान

हिसुआ थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की चपेट में आने से सन्नी कुमार की मौत हो गई. रजौली थाना क्षेत्र के नीमाटांड़ गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मुकेश पासवान की जान चली गई. वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सरकटी मोड़ के समीप नवाजगढ़ के पास ऑटो दुर्घटना में पंकज कुमार और अनिल कुमार में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार होते रहे हादसे

अकबरपुर थाना क्षेत्र के केंदुआ मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर से रौशन कुमार की मौत हुई. नरहट थाना क्षेत्र के मीनपुर गांव के पास सीमेंट लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से अमर कुमार की जान चली गई. रजौली ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से रामलखन चौधरी, पकरीबरावां के भगवानपुर गांव के पास रामप्यारी देवी, नारदीगंज पेट्रोल पंप के पास ट्रक की टक्कर से प्रियांशु राज तथा नवादा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अकौना मोड़ के पास जेसीबी की चपेट में आने से शेखपुरा जिले के कन्हैया कुमार की मौत हो गई. इसी तरह नारदीगंज थाना क्षेत्र के सादिकपुर मोड़ पर मीना देवी, हिसुआ के टीएस कॉलेज के पास गोरेलाल चौधरी, काशीचक थाना क्षेत्र के महादेव बिगहा के पास राकेश कुमार तथा नरहट थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास फुलवंती देवी की भी सड़क दुर्घटनाओं में जान चली गई.

अधिकांश मामलों में अज्ञात वाहन बने मौत की वजह

दर्ज मामलों के विश्लेषण से सामने आया है कि अधिकांश दुर्घटनाएं अज्ञात वाहनों की टक्कर से हुईं. कई मामलों में चालक घटना के बाद वाहन लेकर फरार हो गए. पुलिस उनकी पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ले रही है.

सात वाहन जब्त, अन्य मामलों की जांच जारी

यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त किया है. वहीं फरार वाहनों और उनके चालकों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है.

विशेषज्ञ बोले- बढ़ाना होगा पुलिस बल और निगरानी

यातायात विशेषज्ञों का कहना है कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में यातायात पुलिस का मानवबल बढ़ाना होगा. इसके अलावा हाईवे और प्रमुख सड़कों पर निगरानी मजबूत करने, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट की पहचान करने, सीसीटीवी नेटवर्क का विस्तार करने और सड़क सुरक्षा अभियान को प्रभावी बनाने की जरूरत है. विशेषज्ञों का मानना है कि पुलिस बल की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ लोगों में यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता भी बढ़ानी होगी. तभी सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकेगी.

थानाध्यक्ष ने क्या कहा

यातायात थानाध्यक्ष विद्या शंकर कुमार ने बताया कि जुलाई माह में दर्ज सभी 14 मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है. अब तक सात वाहनों को जब्त किया गया है, जबकि अन्य मामलों में फरार वाहनों और चालकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई जारी है.

Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >