Pranav Bharti Murder Case: हिसुआ की चर्चित प्रणव भारती उर्फ पियूष हत्याकांड के बाद माहौल बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. हिसुआ अंचलाधिकारी परमजीत सिरमौर के लिखित आवेदन पर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत विभिन्न लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किये गये हैं.
सड़क जाम और उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई
घटना के दिन सड़क जाम कर उपद्रव करने वाले दर्जनों लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है. इसके अलावा ऐसे लोगों को भी कार्रवाई के दायरे में लाया गया है, जिन पर तीखी या भड़काऊ बयानबाजी के जरिये माहौल खराब करने का आरोप है.
सभा और जुलूस निकालने वालों पर भी केस
मिली जानकारी के अनुसार, विश्वशांति चौक पर उपद्रव करने वाले लोगों के अलावा भूमिहार ब्राह्मण बैठकी के आयोजकों पर भी कार्रवाई की गयी है. इंटर विद्यालय हिसुआ में सभा करने, जुलूस निकालने और बिना अनुमति कैंडल मार्च निकालने वालों के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर प्रशासन सख्त
हिसुआ में दोनों पक्षों की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट, काउंटर पोस्ट और तरह-तरह की बयानबाजी के बाद पुलिस-प्रशासन की चिंता बढ़ गयी है. प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ बयानबाजी करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जायेगी.
धारा 144 लगाने पर विचार
सदर एसडीओ अमित अनुराग ने बताया कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयानबाजी को लेकर सख्त कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि हिसुआ में धारा 144 लागू करने पर भी विचार किया जा रहा है.
पहले ही सख्ती होती तो नहीं बिगड़ती स्थिति
इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस और प्रशासन ने शुरुआती दौर में ही सख्ती बरती होती, तो स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती. लोगों ने प्रशासन से सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाजी और दोनों पक्षों के बीच बढ़ रहे तनाव पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है.
पुलिस-प्रशासन की ओर से अब दर्ज मामलों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इससे हिसुआ में घटना के बाद माहौल बिगाड़ने वालों पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें: नवादा में अपराध और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 34 आरोपित गिरफ्तार
