नवादा के वारिसलीगंज में बालू लदे ट्रैक्टर ने स्कूली भाई-बहन को रौंदा, छात्रा की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

Nawada News: नवादा जिले के वारिसलीगंज-बाघीवरडीहा मार्ग पर मय मोड़ के समीप सोमवार की दोपहर बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने स्कूल से लौट रहे भाई-बहन को रौंद दिया. इस हादसे में चकमिल्की गांव निवासी ब्रह्मदेव रविदास की पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच और फरार ट्रैक्टर की तलाश में जुट गई है.

Nawada News(विपिन कुमार): वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के वारिसलीगंज-बाघीवरडीहा मुख्य मार्ग पर सोमवार को बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कहर बरपाया है. स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रहे दो सगे चचेरे भाई-बहन को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बुरी तरह कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीया छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से जख्मी है. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया है.

स्कूल से लौट रहे थे भाई-बहन, हाजीपुर की तरफ से आ रहे ट्रैक्टर ने कुचला

घटना के संबंध में बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के हाजीपुर पंचायत स्थित चकमिल्की गांव निवासी ब्रह्मदेव रविदास की 13 वर्षीया पुत्री पूनम कुमारी और अमीरक रविदास का 12 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार मंजौर स्कूल में पढ़ाई करते थे. सोमवार को दोनों बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद पैदल अपने घर लौट रहे थे. इसी बीच मय मोड़ के समीप हाजीपुर गांव की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित और बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों बच्चों को बेरहमी से कुचल दिया. ट्रैक्टर का पहिया चढ़ने से मासूम पूनम कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उसका चचेरा भाई नीतीश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया. स्थानीय लोगों ने नीतीश को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए विम्स (VIMS) पावापुरी अस्पताल रेफर कर दिया है.

सड़क जाम कर ग्रामीणों का हंगामा, पुलिस को झेलना पड़ा भारी आक्रोश

मासूम बच्ची की मौत से गुस्साए परिजनों और चकमिल्की गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था और बेलगाम बालू ट्रैक्टरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर वारिसलीगंज-बाघीवरडीहा पथ पर मय मोड़ से उत्तर मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. दोपहर की चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच सड़क जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और मुसाफिरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए आंदोलनकारियों के भारी आक्रोश और कोपभाजन का शिकार होना पड़ा. ग्रामीण स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और पुलिस घंटों तक ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई.

हादसे के बाद पलटा ट्रैक्टर, चालक फरार; परिवार में पसरा मात

दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर तेजी से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हड़बड़ी में थोड़ी ही दूरी पर जाकर बालू लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. ट्रैक्टर पलटते ही चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा.

इधर, घर की लाडली पूनम कुमारी की इस असामयिक मौत से मां रूबी देवी, पिता ब्रह्मदेव रविदास सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. माता-पिता अपनी बच्ची के शव से लिपटकर बेसुध हो रहे हैं, जिससे वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं. इस घटना के बाद चकमिल्की गांव में पूरी तरह से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीणों में स्थानीय प्रशासन व बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ भारी गुस्सा है.

Also Read:नवादा में दर्दनाक हादसा, ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार डाटा ऑपरेटर को ट्रक ने रौंदा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >