नवादा से आशुतोष कुमार की रिपोर्ट
Nawada News : नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के चर्चित मामले में नवादा नगर थाना पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद से फरार चल रहा आरोपी शहंशाह उर्फ फूल पुलिस की नजरों से बचने के लिए जिला छोड़कर जमुई जिले में अपनी मौसी के घर जाकर छिपा बैठा था, लेकिन नगर थाना पुलिस की सक्रियता, तकनीकी अनुसंधान और सटीक सूचना तंत्र के आगे उसकी एक नहीं चली. प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सामने आने के बाद नगर थाना पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा तेज कर दिया था.
पुलिस की सक्रियता से मिली सफलता
पुलिस लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी. इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि आरोपी जमुई जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र स्थित अपनी मौसी के घर में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष उमा शंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की. सोमवार की सुबह पुलिस टीम ने चंद्रदीप थाना क्षेत्र पहुंचकर सुनियोजित ढंग से छापेमारी की और फरार आरोपी को दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे नवादा लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस कार्रवाई को नगर थाना पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद
घटना के बाद जिस तेजी और गंभीरता के साथ पुलिस ने अनुसंधान को आगे बढ़ाया, उससे यह स्पष्ट हुआ कि कानून से बच निकलना किसी भी आरोपी के लिए आसान नहीं है. पुलिस की सक्रियता ने पीड़ित परिवार में न्याय की उम्मीद को और मजबूत किया है. नगर थानाध्यक्ष उमा शंकर सिंह ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. अनुसंधान आगे भी जारी रहेगा तथा मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जाएगी.
Also Read : कारगिल चौक पर पसरा सन्नाटा, ऑटो-ई रिक्शा हड़ताल से पटना बेहाल
